महासमुन्द

संविधान दिवस मनाया, उद्देशिका का सामूहिक वाचन
27-Nov-2025 4:26 PM
संविधान दिवस मनाया,  उद्देशिका का  सामूहिक वाचन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 27 नवंबर। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला कसहीबाहरा में संविधान दिवस मनाया गया। प्रार्थना सभा के पश्चात अतिथि शिक्षक भगतराम पटेल द्वारा  विद्यालय के समस्त शिक्षक व विद्यार्थियों को  संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई गई।

इस दरमियान भगतराम पटेल ने  बच्चों को भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल्यों तथा नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी।

संस्था प्रमुख हेमंत खुटे ने संविधान दिवस मनाने के संदर्भ में जानकारी देते हुए कहा कि संविधान ड्राफ्टिंग कमेटी  के अध्यक्ष डॉ  भीमराव अंबेडकर की 125 वीं जयंती वर्ष 2015 में  भारत सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया  था। ज्ञात हो कि संविधान को 26 नवंबर 1949 को अपनाया गया था।

विद्यालय के शिक्षक दिलीप कुमार पटेल ने  संविधान निर्माताओं के योगदान, लोकतांत्रिक व्यवस्था की विशेषताएं तथा मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर प्रकाश डाला तथा बच्चों से संविधान को लेकर सवाल - जवाब किए।

 

इस मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के मध्य रेखाचित्र के माध्यम से चित्रकला व सुलेख प्रतियोगित का आयोजन किया गया था जिसमें चित्रकला में प्रथम अनुज कुमार सेन  व द्वितीय कार्तिक राम दीवान  रहे। वहीं सुलेख प्रतियोगिता में प्रथम स्थान  कुलदीप पटेल को तथा द्वितीय स्थान  अनामिका दीवान को मिला।

 इन सभी चयनित स्कूली बच्चों को ड्राइंग बुक व कलर सेट उपहार स्वरूप दिया गया।

संस्था प्रमुख हेमंत खुटे ने जानकारी देते हुए बताया कि इन चयनित विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा द्वारा प्रमाण पत्र दिया जाएगा। उक्त कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन  में शिक्षक घनश्याम ठाकुर  व तबस्सुम शेख की महती भूमिका रही।


अन्य पोस्ट