महासमुन्द

साढ़े 51 हजार टन से अधिक धान की खरीदी
27-Nov-2025 3:48 PM
साढ़े 51 हजार टन   से अधिक धान  की खरीदी

महासमुंद,27नवंबर। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य सुचारू गति से जारी है। कल धान खरीदी का 10वां दिन था। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में निर्बाध एवं पारदर्शी तरीके से धान खरीदी की जा रही है। जिला खाद्य शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कुल 130 समितियों के अंतर्गत 182 उपार्जन केंद्र संचालित हैं। कल दिनांक तक सभी उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से 50लाख,502.96 टन धान की खरीदी की जा चुकी है तथा कल 26 नवम्बर को 1052.08 टन की खरीदी की गई।

 

खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं, तौल व्यवस्था एवं सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता में रखते हुए, सुगम प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने धान खरीदी कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने हेतु सभी नोडल अधिकारियों को सघन निगरानी के निर्देश दिए हैं। नोडल अधिकारी प्रतिदिन आबंटित अपने-अपने उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर रहे हैं। किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसके लिएए राज्य सरकार की धान खरीदी नीति के 29 बिंदुओं की चेक लिस्ट के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियों तौल-कांटा व्यवस्था, बारदाना एवं गोदाम सुविधा, पेयजल और बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा और अनुशासन, धान की गुणवत्ता जांच को सख्ती से सुनिश्चित किया जा रहा है।

       जिले के सभी उपार्जन केंद्रों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार किसानों को बिना किसी बाधा के टोकन के अनुसार समय पर तौलाई के लिए बुलाया जा रहा है। साथ ही परिवहन, भंडारण और तौलाई की प्रत्येक प्रक्रिया की रियल.टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। कलेक्टर ने कहा है कि धान खरीदी कार्य राज्य सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट