महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,27नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर नगर के आंबेडकर चौक स्थित संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित किया। श्री साहू ने डॉ. आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि आज का दिन हमें बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के महान योगदान की याद दिलाता है। जिन्होंने अपने दूरदर्शी विचारों और अथक परिश्रम से विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को एक मजबूत, समावेशी और न्यायपूर्ण संविधान दिया। डॉ.अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उन्होंने दलितों, शोषितों और वंचितों के उत्थान के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका दिया हुआ संविधान आज भी हमें एकजुट रखता है और हर नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारत गणराज्य का संविधान 26 नवंबर 1949 को बनकर तैयार हुआ था। संविधान सभा ने भारत के संविधान को 2 वर्ष 11 माह 18 दिन में 26 नवंबर 1949 को पूरा कर राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से सभापति जितेंद्र ध्रुव, पार्षद मुस्ताक खान, पार्षद नीरज चंद्राकर, पार्षद राहुल आवड़े, शाहबाज राजवानी आदि उपस्थित थे।


