महासमुन्द

धान खरीदी शुरू होने के लिए 12 दिन ही शेष, डेढ़ लाख पंजीयन ऑनलाइन दर्ज
19-Nov-2021 4:57 PM
धान खरीदी शुरू होने के लिए 12 दिन ही शेष,  डेढ़ लाख पंजीयन ऑनलाइन दर्ज

सहकारी समिति कर्मी हड़ताल पर, किसान चिंतित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 नवंबर।
बीते साल की तरह धान बेचने पहुंचे किसान टोकन के लिए सुबह 3 बजे से सहकारी समितियों में अपनी ऋण पुस्तिका के साथ रतजगा करते थे, वही स्थिति इस साल भी बनने के आसार हैं। क्योंकि धान की खरीदी शुरू होने के लिए मात्र 12 दिन ही शेष हैं। शासन के एक दिसंबर से धान खरीदी के निर्णय पर अमल के लिए तैयारियां अभी तक शुरू नहीं हो पाई हैं। हालांकि शासन स्तर पर तैयारियां शुरू हैं, लेकिन जमीन स्तर पर कोई कवायद नहीं हुई है। सहकारी समिति के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से हड़ताल पर  हैं। अब किसानों को समर्थन मूल्य में खरीदी की चिंता सताने लगी है , क्योंकि टोकन वितरण को लेकर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

खरीदी को लेकर अभी तक संबंधित अधिकारियों की बैठक नोडल अधिकारियों ने नहीं ली है और कर्मचारी भी हड़ताल पर हैं।  इस साल 144 केंद्रों में खरीदी की जाएगी। करीब एक लाख 50 हजार किसानों का पंजीयन ऑनलाइन दर्ज हो गया है। पंजीकृत किसान ही समर्थन मूल्य में धान बेच पाएंगे।

मालूम हो कि शासन ने प्रदेश में 67 नए खरीदी केंद्र खोलने का आदेश जारी किया है, इसमें महासमुंद जिला भी शामिल है। महामसुंद जिले के चार ब्लॉक में 6 खरीदी केंद्र खोले जाएंगे। इसमें पिथौरा से झारमुड़ा, महासमुंद अछोला, डुमरपाली, ढांक, बागबाहरा से ओंकारबंद व घोटियापानी व बसना से दुलापाली शामिल हैं। इस तरह शासन ने ग्रामीणों व किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवीन खरीदी केंद्र खोलने की अनुमति दी है लेकिन यहां खरीदी शुरू होने को लेकर असमंजस की स्थिति है। एक दिसंबर से धान खरीदी को लेकर जिला सहकारी समितियों में किसी प्रकार का आदेश नहीं मिला है। किसान भी परेशान हैं कि आखिर धान खरीदी एक दिसंबर से शुरू होगी या नहीं। लगातार मौसम में बदलाव हो रहे हैं। धान की कटाई हो चुकी है और धान खलिहान और बियारे में पहुंच गया है।
 


अन्य पोस्ट