महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य में अब और बेहतर तरीक़े से प्रदेश के लोगों का हक उन्हें मिला है। हमारी सरकार ने गरीबों एवं किसानों का वास्तविक हक मिले, यह सुनिश्चित किया है। छत्तीसगढ़ ने कई योजनाओं में आदर्श स्थापित कर अन्य राज्यों को मार्गदर्शन किया है। ये बातें कल शाम राज्य उत्सव समारोह के मुख्य अतिथि की आसंदी से संसदीय सचिव एवं विधायक विनोद चंद्राकर ने कही। उन्होंने महासमुंद की जनता को राज्योत्सव की बधाई और शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में सबसे पहले किसानों का कर्ज़ माफ़ किया। किसानों का उपज का सही दाम मिल रहा है। शासन की बेहतर रणनीति, जिला प्रशासन और अधिकारियों में तालमेल के कारण जिले में कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण हुआ। सब बधाई के पात्र हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर डोमन सिंह ने कार्यक्रम के शुरूआत में कहा कि महासमुंद जिले ने विभिन्न निर्माण कार्यों एवं विकास के कई आयाम तय किये हैं और विकास की ऊंचाईयों को छुआ है। हमारी अपेक्षा है कि हम जिले में शासन की योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को निश्चित समय पर पहुंचाएं और सतत् विकास के काम करते रहें, अपने जिले को और समृद्ध बनाएं।
मुख्य अतिथि विनोद चंद्राकर ने शासन के विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टाल का अवलोकन किया। जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम में 21 विभिन्न विभागों स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य, श्रम, समाज कल्याण, जनसंपर्क, जिला पंचायत, पुलिस, खेल, पूर्व सैनिक संगठन, कृषि, उद्यानिकी सहित अन्य विभागों के प्रदर्शनी स्टाल लगाए गए, जो विकास गतिविधियों और विभागीय योजनाओं पर आधारित है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा पटेल, उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता रावटे, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत, जिला पंचायत के सीईओ एस प्रकाश सहित संगठन पदाधिकारी उपस्थित थे। लोकरंग अर्जुंदा सांस्कृतिक का रंगारंग कार्यक्रम हुआ ।
इस अवसर पर संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश की बागडोर संभालते ही नारा दिया. छत्तीसगढ़ के चार चिन्हारी, नरवा गरवा घुरवा अउ बाड़ी एला बचाना हे संगवारी। इनका संरक्षण आवश्यक है। इस योजना के माध्यम से भूजल रिचार्ज, सिंचाई और आर्गेनिक खेती में मदद, किसान को दोहरी फसल लेने में आसानी हुई। पशुओं की उचित देखभाल सुनिश्चित हो सकी। गोठानों में महिला समूह जैविक खाद बना रही है। यहां मल्टीएक्टिविटी शुरू हो गयी है। उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति से लोगों को परिचित करने तीन दिवसीय राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन राजधानी रायपुर में किया गया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को सम्मानित किया। हितग्राही मूलक योजना में हितग्राहियों को विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया। कलेक्टर डोमन सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया।