धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 23 मार्च। अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर वन कर्मचारी संघ ने शासन को ज्ञापन सौंपा था और आंदोलन में जाने की चेतावनी दी थी। शासन प्रशासन द्वारा कोई पहल नहीं करने पर वन कर्मचारी संघ ने सोमवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चला गया है।
छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रांतीय आह्वान पर अपनी 12 सूत्रीय मांगों के समर्थन में छत्तीसगढ वन कर्मचारी संघ जिला धमतरी के समस्त अधिकारी कर्मचारी 21 मार्च से हड़ताल पर बैठ गए है।
उन्होंने बताया की वन कर्मचारी संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के निर्देश पर उन्होंने अपनी 12 सूत्रीय मांगों के संबंध में विशेष चर्चा करते हुए सार्थक पहल करने के लिए शासन को ज्ञापन सौंपा था।
संघ की 12 सूत्रीय मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं की गई, जिसके चलते अब कर्मचारी आंदोलन पर उतर गए है, जिससे जंगल की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। कर्मचारियों की अनुपस्थिति में आगजनी से वनों एवं वन्य प्राणियों की सुरक्षा पर संकट गहरा गया है। हड़ताल में जाने से सभी वानिकी कार्य प्रभावित हो रहे है। आगजनी, अवैध शिकार की समस्या बढ़ गई है।


