धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 9 जनवरी। धमतरी जिला भाजपा अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष रहते पिछले दस सालों में इस वर्ग को पार्टी के करीब लाने में अहम भूमिका निभाने वाले युवा नेता हरिशंकर सोनवानी को भाजपा ने प्रदेश किसान मोर्चा में बड़ी जिम्मेदारी सौंप उनके संगठनात्मक क्षमता पर मुहर लगाई है। जिला के बाद राज्य स्तर पर मिले इस नई भूमिका के लिए चाहने वालों में हर्ष व्याप्त है।
गौरतलब है कि 2015 से लगातार 3 बार धमतरी जिला भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का जिलाध्यक्ष रहे भालूकोना-कुरुद निवासी हरिशंकर सोनवानी को अबकी बार संगठन ने भाजपा किसान मोर्चा में रसायन एवं उर्वरक बीज प्रकल्प के सह प्रदेश संयोजक बनाया है। श्री सोनवानी का विद्यार्थी जीवन से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ाव रहा है। 2000 से 2003 दुर्गा कालेज रायपुर में अध्ययन के दौरान संघ धर्मजागरण विभाग से जुड़े होने के चलते उन्हें धर्मसेना प्रदेशउपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। इस बीच वे कुरुद विधायक अजय के संपर्क में आऐ और उनके कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा ज्वाइन कर लिया।
अजा वर्ग में उनकी गहरी पैठ को देखते हुए 2007 में उन्हें युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष और फिर 2011 युवामोर्चा जिला उपाध्यक्ष का का दायित्व सौंपा गया। इसके बाद वे लगातार दस वर्षों तक अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष रहे। इस बीच उन्होंने अपने समाज के लोगों को कांग्रेस और बसपा जैसे पार्टी के झंडे से दूर कर भगवा के करीब लाने में अहम भूमिका निभाई। जिसके चलते कुरुद विधानसभा में भाजपा का अजा वोट बैंक काफी समृद्ध हुआ है। अपनी इस खासियत के चलते वे पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक अजय चन्द्राकर के गुडबूक में शामिल हो गये।
वर्तमान में हरिशंकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य व प्रदेश प्रतिनिधि का दायित्व सम्हाल रहे हैं। उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए प्रदेश संगठन ने उन्हें किसान मोर्चा प्रदेश में नया दायित्व सौंप प्रदेश की राजनीति में सहभागिता करने का सुनहरा मौका दिया है। कुरुद क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता हरिशंकर सोनवानी को रसायन एवं उर्वरक बीज प्रकल्प के सह प्रदेश संयोजक बनाए जाने से किसान वर्ग में उम्मीद जगी है कि उन्हें खाद बीज दवा के लिए सोसायटियों में भटकना नहीं पड़ेगा। सोनवानी की प्रदेश स्तर पर हुई ताजपोशी से उनके चाहने वालों में उत्साह का संचार हुआ है।


