धमतरी

कुरुद में 17 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन 12 को
10-Jan-2026 6:31 PM
कुरुद में 17 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन 12 को

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 10 जनवरी। स्वामी विवेकानंद जयंती अवसर पर कुरूद नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर ने 17 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास करने विभागीय मंत्री अरूण साव, विधायक अजय चन्द्राकर, सांसद रूपकुमारी चौधरी सहित अन्य अतिथियों को आमंत्रित किया है। इसके लिए नगर में व्यापक तैयारी की जा रही है।

पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक अजय चन्द्राकर के गृह नगर की नगर पालिका कुरूद में नगर के हृदय स्थल केनाल रोड में बने लगभग 1 करोड़ के लागत से स्वामी विवेकानंद मंगल भवन सहित स्वामी जी के प्रतिमा का लोकार्पण अतिथियों के करकमलों से होगा। इसके अलावा इसी परिसर से नगरपालिका का विधिवत शुभारंभ एवं नगर के विभिन्न जगहों में 10 करोड़ की लागत से हो रहे विकास कार्यों का शिलान्यास और 7 करोड़ से अधिक से बन चुके कामों का लोकार्पण उपमुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री अरूण साव, विधायक अजय चन्द्राकर, सांसद रूपकुमारी चौधरी, नपा अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर, पूर्व नपं अध्यक्ष  निरंजन सिन्हा, रविकांत चन्द्राकर, गणमान्य नागरिक एलपी. गोस्वामी, कृष्णकांत साहु, नपा उपाध्यक्ष देवव्रत साहु सभी पार्षदों के आतिथ्य में होने जा रहा है।

 विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर ने बताया कि 12 जनवरी को सुबह 11 बजे केनाल रोड के स्वामी विवेकानंद मंगल भवन परिसर में कुरुद के इतिहास में एक और स्वर्णिम पन्ना दर्ज होगा। उन्होंने इस गरिमामयी व ऐतिहासिक पर्व के साक्षी बनने के लिए सभी को आमंत्रित किया है। इसके लिए पिछले कई दिनों से नगर पालिका एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकार कर्मचारी तैयारियों में लगे हैं।


अन्य पोस्ट