114 गांव प्रभावित, 246 लोगों को बचाया, 128 मकान क्षतिग्रस्त, 641 हेक्टेयर फसलें प्रभावित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 29 सितंबर। मूसलाधार बारिश थमने के बाद मौसम जरूर खुल गया है, लेकिन बेमेतरा जिले में बाढ़ की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं। जिले में हुई मूसलाधार बारिश और बाढ़ से सभी 9 तहसीलों के 114 गाँव प्रभावित हुए हैं। प्रशासन के अनुसार 341 लोग आपदा की चपेट में आए। इनमें से 246 को सुरक्षित बचाया गया। बेघर हुए 166 लोगों को 4 राहत शिविरों में रखा गया है। जनहित नहीं हुई, लेकिन 15 मवेशियों की मौत और 128 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी है। प्राथमिक आंकलन में, 641 हेक्टेयर कृषि लगभग प्रभावित मिला है।
बेरला में 218 लोगों को सुरक्षित निकाला
बेरला तहसील के 12 गांवों में 218 लोग प्रभावित हुए।राहत टीमों ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। जबकि एक सौ अड़तीस लोगों को दो राहत शिविरों में रखा गया है। 466.2 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में धान और सब्जियां की फसलें जलमग्न हुई हैं। भीभौरी के 6 गांवों में 88 लोग प्रभावित हुए जिनमें 28 का रेस्क्यू किया गया। यहां 22 मकान और 216 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है।
देवकर के 14 गांवों में भारी बारिश से 18 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। नांदघाट के 15 गांव प्रभावित हुए और 5 मकानों को नुकसान पहुंचा। साजा में 5 गांवों में 28 मकान क्षतिग्रस्त तथा 260 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई। नवागढ़ में फिर हल कोई गांव प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित नहीं हुआ है। कृषि विभाग पानी उतरने के बाद फसलों का अंतिम सर्वे करेगा।
थान खम्हरिया में सबसे ज्यादा पशुहानि
थान खम्हरिया के 26 गाँव बाढ़ की चपेट में आए। यहां 35 लोग प्रभावित और 23 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। जिले में 15 मवेशियों की मौत में 14 इसी तहसील से हुई है। दाढ़ी के 17 गांव प्रभावित हुए, जहां 20 मकानों को नुकसान पहुंचा और एक पशु की मौत हुई। बेमेतरा तहसील के 27 गांवों में बाढ़ का असर रहा और 12 मकान क्षतिग्रस्त हुए।
नवागढ़ क्षेत्र के लगभग 16 ग्राम सीधे प्रभावित हुए हैं। नांदघाट से आई तस्वीर में ईंट भ_ा के निकट खड़े वाहन डूब गए। धान खरीदी केंद्र के निकट समिति में रखे खाद बह गए।
स्थानीय नागरिक लेखराम वर्मा की माने तो 32 साल बाद इस तरह की बाढ़ ने वापसी की है। नदी तट पर लगे सब्जी एवं धान के फसल चपेट में आ गए हैं। जल भराव वाले क्षेत्र को छोडक़र लोगों, सुरक्षित स्थान में चले गए हैं, कुछ लोग छत का सहारा ले रहे हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व, पुलिस, पंचायत, स्वास्थ्य और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमें फील्ड में मुस्तैदी से कार्य कर रही हैं। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बाढ़ में फंसे लोगों के लिए प्रशासन देवदूत बनकर सामने आया। एसडीआरएफ की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। ग्राम पांसुरी-सोनपुरी में शिवनाथ नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच टापू में फंसे 9 ग्रामीणों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इसी प्रकार अमलीडीह में खेत में काम करने के दौरान अचानक पानी में घिरे 3 लोगों को रस्सी एवं नाव की सहायता से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू किए गए सभी 12 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर भोजन एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं ग्राम लाटा में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को एहतियात के तौर पर शासकीय प्राथमिक शाला में शिफ्ट किया गया है। प्रशासन द्वारा वहां ठहरने, भोजन, स्वच्छ पेयजल, बिजली एवं दवाइयों की समुचित व्यवस्था की गई है। राजस्व अमला लगातार जलस्तर पर नजर बनाए हुए है।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा है कि जिले में बाढ़ आपदा राहत प्रबंधन के लिए कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय है। सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं जनपद सीईओ को अपने-अपने क्षेत्रों में अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, नदी-नालों के किनारे न जाएं और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला कंट्रोल रूम को सूचित करें। जिला प्रशासन की इस तत्परता की चारों ओर सराहना हो रही है।
पात्र किसानों को मिलेगा लाभ
उपसंचालक कृषि एमडी डरसेना ने कहा नदी नालों के आस-पास मुख्य रूप से धान की फसल प्रभावित हुई है। राजस्व और कृषि भाग का मैदानी अमला फसल सर्वे कर रहा है। आरबीसी 6(4) के तहत पात्र किसानों को लाभ देने की कार्रवाई की जाएगी।