बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 18 जनवरी। धान खरीदी सीजन अपने अंतिम चरण में है। इसी दौरान गेटपास मोबाइल ऐप के अस्थायी रूप से बंद होने से जिले के धान खरीदी केंद्रों से धान उठाव प्रभावित हुआ है। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, परिवहन आदेश (डीओ) जारी होने के बावजूद तकनीकी कारणों से मिलरों द्वारा धान का उठाव नहीं हो पा रहा है।
जिले में 129 धान खरीदी केंद्र संचालित हैं। पहले से ही उठाव की गति धीमी होने की स्थिति में ऐप बंद होने से केंद्रों में भंडारण का दबाव बढऩे की संभावना बताई जा रही है।
31 तक बंद रहेगा ऐप
विभागीय जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धान उठाव की निगरानी के लिए उपयोग किए जाने वाले गेटपास मोबाइल ऐप को 31 जनवरी तक स्थगित किया गया है। इस अवधि में जिन मिलरों को धान उठाव के लिए वैध परिवहन आदेश (डीओ) जारी किए गए हैं, वे डिजिटल गेटपास के अभाव में केंद्रों से ट्रक नहीं निकाल पा रहे हैं।
विपणन कार्यालय द्वारा बेमेतरा सहित बिलासपुर, रायपुर और कोरबा जिलों के मिलरों को कुल 4,15,355 क्विंटल धान उठाव का लक्ष्य दिया गया था। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अभी लगभग 1,33,596 क्विंटल धान का उठाव शेष है। ऐप बंद रहने की स्थिति में यह धान खरीदी केंद्रों में ही जमा रहेगा।
किसानों पर संभावित प्रभाव
धान खरीदी के अंतिम चरण में प्राथमिकता छोटे और सीमांत किसानों को दिए जाने के कारण बड़े किसानों की खरीदी प्राय: सीजन के अंत में होती है। जिले में अभी लगभग 49,637 किसानों का धान बिकना शेष बताया गया है, जिनमें बड़ी संख्या में बड़े काश्तकार शामिल हैं।
कई केंद्रों में पहले से निर्धारित भंडारण सीमा से अधिक धान जमा है। ऐसी स्थिति में यदि उठाव नहीं हुआ तो समितियों द्वारा स्थान की कमी के आधार पर तौल अस्थायी रूप से रोकी जा सकती है।
भंडारण क्षमता से अधिक स्टॉक
जिले के कई खरीदी केंद्रों में धान का स्टॉक निर्धारित क्षमता से अधिक बताया जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कुछ केंद्रों पर स्थिति इस प्रकार है—
अत्यधिक स्टॉक वाले संवेदनशील केंद्र
कठिया- 57,119 क्विंटल
मोहगांव-55,827 क्विंटल
मुरता- 55,826 क्विंटल
पतोरा व किरीतपुर - 51,000 क्विंटल
अधिक स्टॉक के कारण बोरियों को ऊंचे ढेरों में रखा जा रहा है, जिससे रखरखाव और सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां सामने आ सकती हैं।
इस संबंध में नोडल अधिकारी आर.के. वारे ने बताया कि उच्च कार्यालय से गेटपास ऐप को 31 जनवरी तक के लिए स्थगित किया गया है। वर्तमान में मिलर केंद्रों से परिवहन नहीं कर पा रहे हैं। स्थिति की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है।
प्रशासन की ओर से आगे की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। वैकल्पिक व्यवस्था या निर्देशों को लेकर निर्णय उच्च स्तर से प्राप्त होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया स्पष्ट हो सकेगी।


