106 कंपनियां दिखाएंगी आधुनिक कृषि तकनीक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 अप्रैल। कृषि क्षेत्र में नवाचार, तकनीक और किसान सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित संकल्प 2026 कार्यक्रम इस वर्ष नए आयाम स्थापित करने जा रहा है। वर्ष 2005 में शुरू हुआ यह मंच आज एक सशक्त पहल बन चुका है, जो किसानों को नई दिशा देने के साथ देश की कृषि व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
गुरुवार को कार्यक्रम स्थल सरगवां करजी फार्म में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान प्रगतिशील कृषक ताराचंद गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन में देशभर से 23 हजार 500 से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है, जबकि 24 राज्यों एवं नेपाल से प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। 10, 11 और 12 अप्रैल को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में ऑनलाइन और ऑफलाइन मिलाकर 26 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता दर्ज होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि संकल्प 2026 का मुख्य उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को खेती के प्रति जागरूक कर उनकी आय बढ़ाना है। इसके साथ ही आधुनिक कृषि तकनीकों और नवाचारों को आदिवासी क्षेत्रों के गांव-गांव तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। ‘बिलीव ऑन सीन’ सिद्धांत के तहत किसानों को प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से प्रेरित करने की पहल भी की जाएगी।
कार्यक्रम में 106 कंपनियों द्वारा कृषि से जुड़े आधुनिक उपकरणों और तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं करीब 15 एकड़ क्षेत्र में 110 से अधिक वेरायटी का लाइव डेमो प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे किसानों को नई तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी मिल सकेगी।
इस आयोजन का एक प्रमुख लक्ष्य युवाओं को कृषि क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना और कृषि, उद्योग, प्रबंधन एवं रिसर्च संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित करना भी है। इसके माध्यम से युवाओं को कृषि, उद्यानिकी, प्रोसेसिंग और एलाइट एग्रीकल्चर गतिविधियों से जोडऩे का प्रयास किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि संकल्प 2026 केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सतत प्रयास है, जो किसानों को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।
पत्रकार वार्ता में प्रगतिशील कृषक ताराचंद गुप्ता के साथ राकेश गुप्ता, संजय गुप्ता, वितिष गुप्ता, मानसून गुप्ता, ऋषि गुप्ता एवं मनीष गुप्ता उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने पत्रकारों से इस पहल को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की, ताकि किसानों के उज्ज्वल भविष्य में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।