सरगुजा
एसआईआर और लोकतंत्र की रक्षा के मुद्दे पर भाजपा ने निकाली भारत बचाओ रैली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा गुरुवार को अंबिकापुर में भारत बचाओ रैली निकाली गई। पीजी कॉलेज ग्राउंड से शुरू हुई रैली कलाकेंद्र मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा भी शामिल हुए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के समर्थन में नारेबाजी करते हुए लोकतंत्र की रक्षा का संदेश दिया।
रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह रैली उन लोगों के खिलाफ है, जो देश में नेपाल, श्रीलंका या बांग्लादेश जैसे हालात पैदा करने की साजिश रच रहे हैं और बैलेट पेपर के बजाय सडक़ों पर सरकार बदलने की सोच रखते हैं। उन्होंने कहा कि रैली का मुख्य उद्देश्य जनता के बीच एसआईआर प्रक्रिया को लेकर फैले भ्रम को दूर करना और इसकी संवैधानिक स्थिति स्पष्ट करना है।
गृह मंत्री ने एसआईआर को पूरी तरह संवैधानिक प्रक्रिया बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से मतदाता सूची से मृत व्यक्तियों के नाम, एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नाम और स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं। इससे मतदाता सूची को शुद्ध करने के साथ अवैध घुसपैठियों की पहचान करने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि फॉर्म-6 में कोई नया संशोधन नहीं किया गया है। राजीव गांधी के कार्यकाल में प्रचलित फॉर्म-6 में केवल एक अलग घोषणा पत्र जोड़ा गया है, जिससे किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। विजय शर्मा ने स्पष्ट कहा कि भारत में अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों को चिह्नित कर उन्हें बॉर्डर पार भेजा जाएगा। उन्होंने एसआईआर को लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में जरूरी कदम बताया।