सरगुजा

विशेष शिविर, पहाड़ी कोरवा परिवारों के बने आधार कार्ड
06-Nov-2026 11:02 PM
विशेष शिविर, पहाड़ी कोरवा परिवारों के बने आधार कार्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 6 नवंबर। सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोडऩे के लिए जनपद पंचायत की ओर से सराहनीय पहल की गई है। जनपद पंचायत सीईओ खुशबू शास्त्री की पहल पर 6 नवंबर को चांदों, घंटा, डुगु, बेलदागी और बेंदोपानी गांवों में निवासरत पहाड़ी कोरवा परिवारों के सदस्यों का आधार कार्ड बनवाया गया।

जनपद पंचायत लखनपुर की सीईओ खुशबू शास्त्री के आदेश एवं ईडीएम वैभव के निर्देश पर नगर पंचायत लखनपुर स्थित स्थायी आधार सेवा केंद्र के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान आधार केंद्र संचालक स्वप्निल शर्मा ने पहाड़ी कोरवा परिवारों के सदस्यों का आधार पंजीयन किया। साथ ही उनके आधार कार्ड से मोबाइल नंबर भी लिंक किए गए।

आधार कार्ड नहीं होने के कारण विशेष पिछड़ी जनजाति के कई परिवारों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब आधार कार्ड बनने और मोबाइल नंबर लिंक होने से इन परिवारों को राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी।

शिविर को सफल बनाने में संबंधित गांवों के सरपंच और सचिव की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उनके सहयोग से पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों को आधार बनवाने के लिए जागरूक कर आधार सेवा केंद्र तक पहुंचाया गया।

जनपद पंचायत की इस पहल को विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को डिजिटल पहचान उपलब्ध कराने और उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोडऩे की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलने की उम्मीद है।


अन्य पोस्ट