सरगुजा
विधायक टोप्पो को फोन कर बताई परेशानी, कलेक्टर के निर्देश पर भोजन और बस की व्यवस्था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 नवंबर। सरगुजा ओलंपिक के जिला स्तरीय आयोजन में जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की लापरवाही सामने आई है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने सीतापुर ब्लॉक से अंबिकापुर पहुंचे 45 से अधिक खिलाडिय़ों को गुरुवार रात तक घर लौटने के लिए बस नहीं मिली। निर्धारित समय पर वाहन नहीं पहुंचने के कारण खिलाड़ी घंटों गांधी स्टेडियम के बाहर परेशान होते रहे। भूख-प्यास से बेहाल खिलाडिय़ों ने आखिरकार सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो से संपर्क कर अपनी समस्या बताई। इसके बाद विधायक की पहल पर प्रशासन हरकत में आया और खिलाडिय़ों के लिए भोजन तथा बस का इंतजाम किया गया।
शाम 4 बजे तय थी वापसी, रात 11 बजे तक नहीं पहुंची बस
सरगुजा ओलंपिक की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए सीतापुर विकासखंड से बड़ी संख्या में खिलाड़ी अंबिकापुर पहुंचे थे। इनमें छात्र-छात्राएं भी शामिल थे, जो स्कूल और कॉलेजों में अध्ययनरत हैं। गुरुवार को खेल प्रतियोगिताएं समाप्त होने के बाद खिलाडिय़ों की वापसी के लिए शाम 4 बजे बस निर्धारित की गई थी। लेकिन तय समय बीतने के बाद भी बस नहीं पहुंची। इस बीच आयोजन से जुड़े अधिकारी और जिम्मेदार लोग भी वहां से चले गए। ऐसे में खिलाड़ी देर शाम से लेकर रात तक स्टेडियम के बाहर वाहन का इंतजार करते रहे।
विधायक की पहल पर हरकत में आया प्रशासन
रात करीब 11 बजे तक बस नहीं आने और भोजन की व्यवस्था नहीं होने से परेशान खिलाडिय़ों ने विधायक रामकुमार टोप्पो को फोन कर पूरी स्थिति से अवगत कराया। विधायक ने तत्काल सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से चर्चा कर जिम्मेदारों की व्यवस्था पर सवाल उठाए।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव गांधी स्टेडियम पहुंचीं। उन्होंने खिलाडिय़ों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई और दूसरी बस बुलवाकर उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की। इसके बाद रात लगभग 12 बजे सभी खिलाड़ी सीतापुर के लिए रवाना हुए।
घटना को लेकर विधायक ने आयोजन से जुड़े अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर की। जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव ने जांच उपरांत कड़ी कार्रवाई करने की बात मीडिया से कही है।