सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 नवंबर। न्यायालय से जारी वारंटों की तामिली और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए सरगुजा पुलिस ने 24 घंटे का विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 88 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 69 स्थाई वारंटी और 19 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुबह-सुबह वारंटियों के ठिकानों पर दबिश दी। जिला मुख्यालय सहित सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। इस दौरान थाना कोतवाली पुलिस ने सर्वाधिक 30 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया, जबकि गांधीनगर पुलिस ने 14 स्थाई और एक गिरफ्तारी वारंटी को पकड़ा।
इसके अलावा मणिपुर पुलिस ने 7 स्थाई और एक गिरफ्तारी वारंटी, सीतापुर ने 4 स्थाई, बतौली ने 2 स्थाई और एक गिरफ्तारी वारंटी, दरिमा ने 2 स्थाई, लखनपुर ने 4 स्थाई, उदयपुर ने 2 स्थाई और 3 गिरफ्तारी वारंटी, धौरपुर ने 2 स्थाई और 9 गिरफ्तारी वारंटी, लुंड्रा ने एक स्थाई और 2 गिरफ्तारी वारंटी तथा कमलेश्वरपुर पुलिस ने एक स्थाई और 2 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान लखनपुर थाना क्षेत्र के 14 वर्ष पुराने मारपीट के मामले में जारी स्थाई वारंट पर भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं एनडीपीएस के एक प्रकरण में सीतापुर क्षेत्र के कोट बासपारा निवासी राजेश उर्फ भैरा के खिलाफ जारी स्थाई वारंट पर भी कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ा गया।
एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे। सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय से जारी वारंटों की तामिली और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।