सरगुजा
संकल्प हॉस्पिटल का 7 दिनी लकवा स्क्रीनिंग शिविर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,7 नवंबर। विश्व स्ट्रोक दिवस के अवसर पर संकल्प हॉस्पिटल, अंबिकापुर द्वारा आयोजित सात दिवसीय लकवा (पैरालिसिस) स्क्रीनिंग शिविर का 4 नवंबर को सफलतापूर्वक समापन हुआ। 29 अक्टूबर से शुरू हुए इस शिविर में कुल 186 मरीजों की स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग कर उन्हें नि:शुल्क विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
शिविर में न्यूरो सर्जन डॉ. सुकृति चौहान ने लकवा, ब्रेन स्ट्रोक, नसों से जुड़ी समस्याओं और शारीरिक कमजोरी से पीडि़त मरीजों का परीक्षण किया। वहीं, न्यूरो फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. ऋषभ लामा ने मरीजों को शारीरिक गतिशीलता में सुधार, रिकवरी और पुनर्वास के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों को स्ट्रोक के शुरुआती लक्षणों के प्रति जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि चेहरे का टेढ़ा होना, बोलने में लडख़ड़ाहट तथा हाथ-पैर में अचानक कमजोरी आना स्ट्रोक के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेना बेहद जरूरी है।
समय पर उपचार के साथ नियमित फिजियोथेरेपी और स्पीच थेरेपी से मरीजों के स्वास्थ्य में बेहतर सुधार संभव है।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि संकल्प हॉस्पिटल में 24 घंटे ट्रॉमा एवं इमरजेंसी सेवाओं के साथ न्यूरो सर्जरी और आधुनिक आईसीयू की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे ब्रेन स्ट्रोक, गंभीर दुर्घटनाओं और अन्य आपातकालीन न्यूरोलॉजिकल समस्याओं से पीडि़त मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
शिविर की सफलता पर अस्पताल प्रबंधन ने चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया। साथ ही भविष्य में भी आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।