सरगुजा

28 वर्षों से शंकर घाट पर हो रहा छठ महापर्व का आयोजन, जिला प्रशासन की टीम ने लिया तैयारियों का जायजा
11-Nov-2026 8:27 PM
 28 वर्षों से शंकर घाट पर हो रहा छठ महापर्व का आयोजन, जिला प्रशासन की टीम ने लिया तैयारियों का जायजा

स्वास्थ्य, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 11 नवंबर। सूर्य उपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर अंबिकापुर में उत्साह का माहौल बनने लगा है। उत्तर प्रदेश और बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं से गहरे जुड़ाव वाले सरगुजा में छठ पर्व का विशेष महत्व है। इस महापर्व को लेकर शहर के प्रमुख छठ घाटों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शहर के शंकर घाट स्थित छठ घाट पर पिछले करीब 28 वर्षों से छठ महापर्व का भव्य आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इस बार भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमडऩे की संभावना को देखते हुए मां महामाया छठ सेवा समिति ने करीब 40 हजार श्रद्धालुओं के बैठने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करने का लक्ष्य रखा है।

छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लेने बुधवार को कलेक्टर अजीत वसंत और एसएसपी राजेश अग्रवाल, निगम आयुक्त, निगम सभापति हरमिंदर सिंह टीन्नी सहित जिला प्रशासन की टीम शंकर घाट पहुंची। अधिकारियों ने मां महामाया छठ सेवा समिति के पदाधिकारियों से चर्चा कर आयोजन की तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान स्वास्थ्य सुविधा, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आयोजन समिति को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय स्थिति निर्मित न हो।

आज व्यवस्था बनाने के दौरान मैं छठ सेवा समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पार्षद विजय सोनी के साथ संजीव मंदीलवार, पार्षद शैलू सिंह, मेराज गुड्डू, विनोद हर्ष, पप्पू ठाकुर ,पिंटू तिवारी, राधे कुशवाहा, संटू जायसवाल, कपिल मित्तल, बबलू कुशवाहा, सनी कुशवाहा, अतुल नारायण सिंह, लक्की सोनी सहित समिति के भारी संख्या में सदस्य मौजूद थे।

एक माह से चल रही घाट की तैयारी, गोबर से की गई लिपाई

शंकर घाट छठ पूजा स्थल पर आयोजन समिति द्वारा करीब एक माह पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। छठ घाट की व्यापक साफ-सफाई कराने के साथ पूरे परिसर को पारंपरिक तरीके से गोबर से लिपवाया गया है। श्रद्धालुओं के बैठने और पूजा-अर्चना के लिए आकर्षक पंडाल लगाया जा रहा है। इसके साथ ही पूरे घाट परिसर में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है, ताकि शाम और रात के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। समिति द्वारा घाट को व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप देने के लिए लगातार काम कराया जा रहा है।

मां महामाया छठ सेवा समिति के अध्यक्ष विजय सोनी ने बताया कि छठ महापर्व का आयोजन 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा, जो 16 नवंबर तक चलेगा। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती महिलाएं और पुरुष पूरी श्रद्धा एवं नियम-निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की आराधना करेंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष करीब 40 हजार श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पंडाल, साफ-सफाई, रोशनी और अन्य जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।

रात्रि में सजेगी भजन संध्या, उमड़ेगा आस्था का जनसैलाब

शंकर घाट पर छठ महापर्व के अवसर पर रात्रि में भव्य भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालु भक्ति गीतों के माध्यम से सूर्य उपासना और छठी मैया की आराधना में लीन होंगे। हर वर्ष यहां छठ पूजा के दौरान आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ता है। विशेषकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अघ्र्य देने के दौरान घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। इसे देखते हुए समिति और प्रशासन दोनों ही स्तर पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है। शंकर घाट पर एक बार फिर छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच आस्था का भव्य नजारा देखने को मिलेगा।

अन्य तालाबों और घाटों पर भी छठ पूजा की तैयारी तेज पैलेस घाट को दिया जा रहा आकर्षक स्वरूप

 छठ महापर्व को लेकर शंकर घाट के अलावा शहर के अन्य तालाबों और जलाशयों में भी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पैलेस घाट को विशेष रूप से आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। वहीं जेल तालाब, घुनघुट्टा नदी, मेड्राकला स्थित नदी, मरीन ड्राइव सहित अन्य पूजा स्थलों पर भी साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

छठ पूजा के दौरान इन सभी स्थलों पर बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए घाटों की सफाई, आसपास के क्षेत्रों को व्यवस्थित करने और रोशनी सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। बुधवार को जिला प्रशासन की टीम ने शहर के विभिन्न तालाबों और छठ पूजा स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

अधिकारियों ने संबंधित व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। प्रशासन का प्रयास है कि शहर के सभी प्रमुख छठ घाटों पर पर्व शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो।


अन्य पोस्ट