सरगुजा

दीपों की रोशनी से जगमगाएगा सरगुजा
07-Nov-2026 8:44 PM
दीपों की रोशनी से जगमगाएगा सरगुजा

आतिशबाजी और खुशियों के रंग में रंगेगा अंचल

घर-आंगन से लेकर बाजार तक दीपावली की रौनक, रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजे घर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 7 नवंबर। रोशनी, उल्लास और खुशियों का पर्व दीपावली रविवार को पूरे सरगुजा संभाग में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। दीपोत्सव को लेकर पूरे अंचल में उत्सव जैसा माहौल है। घरों से लेकर बाजारों तक दीपावली की रौनक दिखाई दे रही है। लोग इस पावन पर्व को यादगार बनाने के लिए कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए हैं। रविवार को घर-घर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे और मां लक्ष्मी-भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।

दीपावली को लेकर लोगों ने अपने घरों को आकर्षक ढंग से सजाया है। कहीं रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से मकान जगमगा रहे हैं तो कहीं फूलों और सजावटी सामग्रियों से घरों को नया रूप दिया गया है। घरों के मुख्य द्वार और आंगन को विशेष रूप से सजाया गया है। दीपावली के दिन महिलाएं और युवतियां घरों के सामने आकर्षक रंगोली बनाकर दीपोत्सव की खुशियों में रंग भरेंगी। शाम होते ही दीपों की रोशनी से घर-आंगन जगमगाने लगेंगे और आतिशबाजी के बीच त्योहार का उल्लास नजर आएगा।

इस बार पटाखों का बाजार अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में लगाया गया है, जहां विभिन्न प्रकार के पटाखों की दुकानें सजाई गई हैं। दीपावली को देखते हुए पटाखों की खरीदारी के लिए भी लोगों में खासा उत्साह है। बच्चे अपनी पसंद के पटाखे और फुलझडिय़ां खरीदने को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।

इधर, दीपावली से ठीक पहले शनिवार को अंबिकापुर का बाजार पूरी तरह गुलजार रहा। सुबह से ही बाजार में खरीदारों की आवाजाही बनी रही। कपड़ों की दुकानों, मिठाई प्रतिष्ठानों और पूजा सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। किसी ने परिवार के लिए नए कपड़े खरीदे तो कोई दीपावली पूजन के लिए दीपक, बाती, तेल, फूल, माला और अन्य पूजन सामग्री खरीदता नजर आया। मिठाई दुकानों में भी ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ रही।

कुल मिलाकर दीपावली को लेकर सरगुजा संभाग में उत्साह चरम पर है। रविवार को दीपों की जगमगाहट, पूजा-अर्चना, मिठाइयों की मिठास और आतिशबाजी के बीच पूरा अंचल रोशनी और खुशियों के पर्व में सराबोर रहेगा।


अन्य पोस्ट