बोले- हमारे नेता एक साथ नजर आते हैं, भाजपा के बड़े नेता एक मंच पर नहीं दिखते
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,15 सितंबर। कांग्रेस के संभाग स्तरीय ब्लॉक अध्यक्ष एवं मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन सत्र में अंबिकापुर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस में किसी तरह की गुटबाजी नहीं है, बल्कि यह भाजपा का प्रोपेगैंडा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस से ज्यादा गुटबाजी भाजपा में दिखाई देती है।
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एक-दूसरे के साथ खड़े दिखाई देते हैं और एकजुट होकर कार्यक्रमों में शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि कभी टीएस सिंहदेव और भूपेश बघेल एक साथ नजर आते हैं तो कभी वे स्वयं चरणदास महंत और टीएस सिंहदेव के साथ एक ही वाहन में दिखाई देते हैं। उन्होंने इसे पार्टी नेताओं के बीच आपसी भाईचारा और एकजुटता बताया।
भाजपा पर निशाना साधते हुए बैज ने कहा कि भाजपा के बड़े नेता एक मंच पर एकजुट दिखाई नहीं देते। उन्होंने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल, अमर अग्रवाल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और धरमलाल कौशिक जैसे नेताओं के एक साथ नजर आने के उदाहरण भाजपा में दिखाई नहीं देते। उन्होंने कहा कि गुटबाजी कांग्रेस में नहीं, बल्कि भाजपा में नजर आती है।
पीएम आवास के आंकड़ों पर सरकार को घेरा, बैज बोले- जनता को भ्रमित किया जा रहा
प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आवासों की संख्या के दावों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार साढ़े 18 लाख आवास की स्वीकृति और निर्माण का दावा कर रही है, जबकि उपलब्ध आंकड़े इससे अलग तस्वीर पेश करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में केंद्र सरकार की ओर से कई चरणों में प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तीन बार छत्तीसगढ़ आए और हर बार तीन लाख आवास की स्वीकृति देने की बात कही गई। दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से भी पूर्व सरकार के दौरान 18 लाख आवास स्वीकृत किए जाने का दावा किया जा रहा है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि अलग-अलग दावों को जोड़ दिया जाए तो स्वीकृत आवासों की संख्या करीब 40 लाख तक पहुंच जाती है। ऐसे में वास्तविकता क्या है, यह सरकार को स्पष्ट करना चाहिए। बैज ने आरोप लगाया कि पीएम आवास के नाम पर जनता को भ्रमित किया जा रहा है।
भूपेश बघेल और विजय शर्मा के बीच पीएम आवास को लेकर हुई बहस का जिक्र करते हुए बैज ने कहा कि बहस में सरकार के दावों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पीएम आवास योजना को लेकर प्रचार कर रही है और अब उसके दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पीएम आवास के आंकड़ों में विरोधाभास, सरकार जारी करे श्वेत पत्र- सिंहदेव
पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़ों को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। पत्रकारों से बातचीत में सिंहदेव ने कहा कि सरकार की ओर से आवास निर्माण को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आ रहे हैं, जिससे जनता के बीच भ्रम की स्थिति बन रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से 18 लाख घर बनाए जाने का दावा किया गया, जबकि इसी अवधि में केंद्र सरकार के आंकड़ों में करीब नौ लाख आवासों का उल्लेख था। अब राज्य सरकार ने नया आंकड़ा जारी कर 11.9 लाख घर बनने की बात कही है। सिंहदेव ने कहा कि इन आंकड़ों में अंतर को स्पष्ट किया जाना जरूरी है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिवर्ष कितने आवास स्वीकृत हुए और कितने बने, इसका पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए। इसके लिए सरकार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति जनता के सामने आ सके।
गृह मंत्री विजय शर्मा द्वारा लगाए गए आरोपों पर सिंहदेव ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना पास नहीं होने के कारण विभाग से इस्तीफा नहीं दिया था। उनका कहना था कि योजना को सुचारू रूप से लागू करवाने में असमर्थता महसूस होने के कारण उन्होंने इस्तीफा दिया था। उन्होंने कहा कि इस्तीफे के पीछे कुछ अन्य कारण भी थे।