सरगुजा
दामाद पर सुपारी देकर हत्या कराने का आरोप, दो संदिग्ध पुलिस हिरासत में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 16 सितंबर। शहर के रसूलपुर मोहल्ले में बुधवार सुबह घर में घुसकर तीन युवकों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बशीरुद्दीन सिद्दीकी उर्फ लज्जू की इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शहर सहित जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार बशीरुद्दीन सिद्दीकी सुबह करीब 10 बजे अपने घर में थे। इसी दौरान तीन युवक अचानक घर में दाखिल हुए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घर में मौजूद परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपियों ने बुजुर्ग पर चाकू से कई वार कर दिए। परिजनों के शोर मचाने पर आरोपी घायल अवस्था में उन्हें छोडक़र वहां से भाग निकले। परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से घायल बशीरुद्दीन को मिशन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन पुलिस केस होने के कारण वहां उपचार नहीं हो सका। इसके बाद उन्हें फिरदौसी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोपहर में उनकी मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
वारदात की सूचना पर आईजी दीपक झा, एसएसपी राजेश अग्रवाल, सीएसपी राहुल बंसल सहित पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के साथ पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। एक कैमरे में तीनों संदिग्ध वारदात के बाद भागते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई।
दामाद पर हत्या की साजिश का आरोप
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के दामाद की भूमिका संदिग्ध लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे शहर से लगे तकिया मजार स्थित उसके घर से हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर एक अन्य संदिग्ध को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में दामाद द्वारा बिहार से कथित तौर पर सुपारी देकर हमलावर बुलाए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस हत्या की वजह और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।