सरगुजा
सेवा किटी समूह की निबंध स्पर्धा के परिणाम घोषित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,17 सितंबर। स्वतंत्र भारत में युवाओं के बीच बढ़ते आक्रोश के कारण क्या हैं और इसका समाधान किस तरह हो सकता है, इस विषय पर युवाओं के साथ केंद्रीय जेल में निरुद्ध बंदियों ने भी अपनी सोच को शब्दों में उतारा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेवा किटी समूह द्वारा आयोजित निबंध प्रतियोगिता के महाविद्यालय एवं केंद्रीय जेल वर्ग के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।
सेवा किटी समूह की संयोजिका वंदना दत्ता ने बताया कि ‘स्वतंत्र भारत में युवा आक्रोश के कारण और निदान’ विषय पर प्रतियोगिता हाईस्कूल एवं महाविद्यालय स्तर पर आयोजित की गई। इस वर्ष विशेष रूप से केंद्रीय जेल के बंदियों को भी इसमें शामिल किया गया, जहां 33 बंदियों ने निबंध लिखकर अपने विचार व्यक्त किए। महाविद्यालय वर्ग में हरकेवल दास शिक्षा महाविद्यालय की कविता एवं प्रेरणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी महाविद्यालय के महेंद्र सिंह द्वितीय रहे। तृतीय स्थान राजीव गांधी पीजी कॉलेज के अमन सिंह टेकाम एवं हरकेवल दास शिक्षा महाविद्यालय के कृष्ण कुमार कडरा ने प्राप्त किया।
सांत्वना पुरस्कार राजमोहनी कन्या महाविद्यालय की रिया पांडे एवं अंकिता तिवारी, राजीव गांधी पीजी कॉलेज के विकेश गुप्ता तथा हरकेवल दास शिक्षा महाविद्यालय के अमित लकड़ा एवं आयुष मिंज को दिया जाएगा।
केंद्रीय जेल वर्ग में 33 बंदियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। इनमें घनश्याम यादव एवं बसंत जगते प्रथम, जगरनाथ प्रसाद सोनी एवं अरविंद पैंकरा द्वितीय तथा ओम विक्की प्रधान तृतीय स्थान पर रहे। राधेश्याम यादव एवं दीपक सिंह को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया है।
संयोजिका वंदना दत्ता ने बताया कि महाविद्यालय वर्ग के विजेताओं को आगामी कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा, जिसकी तिथि की सूचना जल्द दी जाएगी। केंद्रीय जेल के विजेता प्रतिभागियों को जेल परिसर में ही पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। हाईस्कूल वर्ग के परिणाम अभी घोषित नहीं किए गए हैं। इसके विजेताओं के नाम भी जल्द जारी किए जाएंगे।