सरगुजा

विश्वकर्मा पूजा पर गूंजे भजन, हवन-पूर्णाहुति के बाद भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
17-Sep-2026 10:06 PM
विश्वकर्मा पूजा पर गूंजे भजन, हवन-पूर्णाहुति के बाद भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 17 सितंबर। भगवान श्री विश्वकर्मा की पूजा गुरुवार को शहर में उल्लास के साथ मनाई गई। मेरिन ड्राइव के पास स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर में श्री विश्वकर्मा सेवा समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय सार्वजनिक पूजन समारोह के दूसरे दिन हवन-पूर्णाहुति, भंडारा और संगीतमय भजनों सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम हुए। शाम को महाआरती के साथ मंदिर परिसर भगवान विश्वकर्मा के जयकारों से गूंज उठा।

तीन दिवसीय आयोजन के तहत बुधवार से मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए थे। अखंड रामायण पाठ का गुरुवार सुबह 11.30 बजे समापन हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने श्री विश्वकर्मा चालीसा का सामूहिक पाठ किया। दोपहर 12 बजे भगवान विश्वकर्मा का विधि-विधान से पूजन किया गया। हवन में श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद पूर्णाहुति हुई।

पूजन और हवन के बाद दोपहर 1 बजे से मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। विश्वकर्मा पूजा को लेकर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। दोपहर 2 बजे से श्री विश्वकर्मा जागरण मंच के कलाकारों ने संगीतमय भजनों की प्रस्तुति दी। भगवान विश्वकर्मा की महिमा पर आधारित भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। शाम 7 बजे संध्या महाआरती की गई।

तीन दिवसीय समारोह के अंतिम दिन शुक्रवार को दोपहर 1.30 बजे भगवान श्री विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। कीर्तन मंडली के साथ शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरेगी। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए भगवान विश्वकर्मा की आराधना करेंगे। शोभायात्रा का समापन शाम को शंकर घाट में होगा। श्री विश्वकर्मा सेवा समिति ने समाज के लोगों एवं शहरवासियों से शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है।


अन्य पोस्ट