सरगुजा
झारखंड से बुलाए गए थे आरोपी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,17 सितंबर। पत्नी से चल रहे तलाक के मामले को लेकर उपजी पारिवारिक रंजिश में दामाद द्वारा अपने ससुर की हत्या कराने के लिए पांच लाख रुपये में कथित सौदा करने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार दामाद ने झारखंड के पलामू से आरोपियों को अंबिकापुर बुलाया और पूरी साजिश रची। इसके बाद किराए का मकान देखने के बहाने घर पहुंचे हमलावरों ने ससुर वसीरुद्दीन सिद्दीकी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल वसीरुद्दीन की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दामाद सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर की सुबह करीब 10.15 बजे रसूलपुर निवासी सादिया शारीन सिद्दीकी के घर तीन लोग किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे थे। वे उनके पिता वसीरुद्दीन सिद्दीकी से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन पर चाकू से हमला कर आरोपी फरार हो गए।
सादिया ने पुलिस को बताया कि पति मोहम्मद नाजिम शबा से उनका तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है। आरोप है कि पूर्व में नाजिम ने केस वापस नहीं लेने पर उन्हें और मायके पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस ने नाजिम शबा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने ससुर की हत्या के लिए पांच लाख रुपये में सौदा तय करने और झारखंड के चैनपुर, पलामू से कंचन कुमार सहित अन्य लोगों को अंबिकापुर बुलाने की बात कही। आरोपियों को अजिरमा में नेजारुद्दीन उर्फ गुड्डू के किराए के कमरे में रुकवाया गया और वहीं कथित रूप से हत्या की योजना बनाई गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कंचन कुमार को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल, घटना के समय पहना गया कथित खून लगा कपड़ा और बस टिकट जब्त किया गया। नेजारुद्दीन उर्फ गुड्डू को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस ने नाजिम शबा, कंचन कुमार और नेजारुद्दीन उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। वसीरुद्दीन की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा भी जोड़ी गई है। इसके साथ आपराधिक षड्यंत्र और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में कोतवाली, साइबर सेल एवं फॉरेंसिक टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।