सरगुजा
39 आदतन अपराधियों पर धारा 110 की कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,15 सितंबर। अंबिकापुर जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने सरगुजा पुलिस ने गुंडा-बदमाशों और आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 29 ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ गुंडा-बदमाश की नई फाइल खोलने की कार्रवाई की जा रही है, जो लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।
पुलिस के अनुसार अब तक पांच गुंडा-बदमाशों की नई फाइल खोली जा चुकी है। इनमें कोतवाली थाना क्षेत्र में दो, गांधीनगर में दो और मणीपुर थाना क्षेत्र में एक फाइल शामिल है। शेष 24 व्यक्तियों के खिलाफ फाइल खोलने की प्रक्रिया जारी है। इनमें गांधीनगर थाना पुलिस द्वारा आठ, उदयपुर पुलिस द्वारा आठ, लखनपुर पुलिस द्वारा छह, कोतवाली पुलिस द्वारा एक तथा कुन्नी चौकी पुलिस द्वारा एक प्रकरण में कार्रवाई की जा रही है।
अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने आदतन अपराधियों के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 39 प्रकरण धारा 110 के तहत तैयार कर न्यायालय के समक्ष पेश किए गए हैं। इनमें कोतवाली थाना के 18, गांधीनगर के 16, मणीपुर के तीन और रघुनाथपुर चौकी के दो प्रकरण शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने और लगातार अपराधों में संलिप्त रहने वाले लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।