सरगुजा

19 को गणपति धाम हाथीपखना में होगी भव्य महाआरती
16-Sep-2026 9:11 PM
19 को गणपति धाम हाथीपखना में होगी भव्य महाआरती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 16 सितंबर। गणपति धाम हाथीपखना में आगामी 19 सितंबर को आयोजित होने वाली भव्य महाआरती को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने बुधवार को जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने गणपति धाम हाथीपखना पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, डीएफओ लोकनाथ पटेल, निगम आयुक्त विनय अग्रवाल, एसडीएम, अपर कलेक्टर सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण तथा दर्शन व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की। इस अवसर पर बाल गंगाधर तिलक गणपति कार्यकर्ताओं में जनमेजय मिश्रा, अनीश सिंह, अविनाश मंडल, रवि विश्वकर्मा सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ट्रस्ट अध्यक्ष शैलेश सिंह ‘शैलू’ ने बताया कि 19 सितंबर को गणपति धाम हाथीपखना में महाआरती का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ समन्वय कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के साथ ही पार्किंग, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

शैलेश सिंह ‘शैलू’ ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे 19 सितंबर को गणपति धाम हाथीपखना पहुंचकर महाआरती में सहभागी बनें और भगवान गणपति का आशीर्वाद प्राप्त करें। समिति की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।


अन्य पोस्ट