सरगुजा
कांग्रेस ने निगम की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, स्थायी सडक़ मरम्मत की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 14 सितंबर। नगर निगम क्षेत्र की बदहाल सडक़ों, राष्ट्रीय राजमार्गों की जर्जर स्थिति और नागरिक सुविधाओं की बदहाल व्यवस्था को लेकर कांग्रेस द्वारा 15 सितंबर को प्रस्तावित चक्का जाम पांच दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। प्रशासनिक पहल और राष्ट्रीय राजमार्गों पर शुरू किए गए मरम्मत कार्यों को देखते हुए कांग्रेस ने यह निर्णय लिया है। हालांकि कांग्रेस ने 20 सितंबर तक व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर आंदोलन को फिर से शुरू करने की चेतावनी दी है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक एवं नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने बताया कि दरिमा मोड़ से भारत माता चौक तथा घड़ी चौक से रेलवे स्टेशन तक राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शहर की खराब सडक़ों को लेकर कांग्रेस ने चक्का जाम का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने सडक़ों के गड्ढे भरने का काम शुरू कराया है। प्रशासन की इस पहल को देखते हुए 15 सितंबर का प्रस्तावित चक्का जाम फिलहाल स्थगित किया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महज गड्ढे भरना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। सडक़ों की मरम्मत गुणवत्ता के साथ करते हुए खराब हिस्सों का स्थायी सुधार किया जाना चाहिए। कांग्रेस 20 सितंबर तक कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर नजर रखेगी। अपेक्षित सुधार नहीं होने पर दोबारा आंदोलन किया जाएगा।
निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल
कांग्रेस ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। नेताओं का आरोप है कि गंगापुर, नवापारा, वार्ड क्रमांक 8, विशुनपुर और बौरीपारा सहित शहर के कई वार्डों की अंदरूनी सडक़ें गड्ढों में तब्दील हैं, लेकिन बरसात के दौरान भी इनके सुधार की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई। दो माह पहले बनी सडक़ें भी उखडऩे लगी हैं। गुरुनानक चौक और पुराने बस स्टैंड रोड की सडक़ें भी बारिश में खराब हो गई हैं।
कांग्रेस ने शहर की अधिकांश सडक़ों की स्ट्रीट लाइट बंद होने, साफ-सफाई और जल निकासी की व्यवस्था प्रभावित होने का आरोप लगाया है। नेताओं ने कहा कि सडक़, बिजली और नागरिक सुविधाएं जनता से सीधे जुड़ी हुई हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत के साथ नगर निगम को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि 20 सितंबर तक गड्ढों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट चालू करने, विद्युत व्यवस्था बहाल करने और अन्य नागरिक समस्याओं के निराकरण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा। आवश्यकता पडऩे पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।