सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,16 सितंबर। गणेश पूजन के अवसर पर विद्यालय में गणेश मूर्ति निर्माण एवं सजावट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मिट्टी, रंग-बिरंगे कागज और विभिन्न सजावटी सामग्रियों का उपयोग कर भगवान श्रीगणेश की आकर्षक प्रतिमाएं तैयार कीं। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोडऩे के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा। विद्यार्थियों द्वारा निर्मित गणेश प्रतिमाओं का विद्यालय परिसर में विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर निर्देशक केपी दीक्षित, उत्तम सिंह सिसोदिया, राजू अग्रवाल, दीपेश गुप्ता, नितेश मेहता, प्रतीक दीक्षित, अकादमिक डायरेक्टर डॉ. बृजेश पांडे सहित विद्यालय परिवार ने पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया।
जय सर एवं टीम ने भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी पूरे श्रद्धाभाव के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उत्सव के समापन पर विधिवत विसर्जन पूजा संपन्न हुई। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने गणपति बप्पा को भावपूर्ण विदाई दी और अगले वर्ष पुन: आगमन की मंगलकामना की।
प्रधानाचार्या वर्षा अग्रवाल ने कहा कि गणेश उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को संस्कृति और परंपराओं से जुडऩे का अवसर मिला।
साथ ही मूर्ति निर्माण जैसी गतिविधियों से बच्चों की कला, कल्पनाशक्ति, पर्यावरण जागरूकता और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राची त्रिपाठी, आयुष सोनी सहित विद्यालय की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।