सरगुजा
साक्षरता रैली निकाल विद्यार्थियों ने बनाई मानव श्रृंखला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,17 सितंबर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर में प्राचार्य रंजना श्रीवास्तव के नेतृत्व में सेवा संकल्प दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य रंजना श्रीवास्तव ने शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सभी को विकसित भारत के लक्ष्य को वर्ष 2047 तक प्राप्त करने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने साक्षरता को बढ़ावा देने, निरक्षर लोगों को शिक्षित करने तथा उल्लास कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। इसके बाद उन्होंने सभी शिक्षक एवं विद्यार्थियों को सेवा और साक्षरता से जुड़े संकल्प की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर से साक्षरता रैली निकाली गई। रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस विद्यालय पहुंची, जहां इसका समापन सभा के रूप में हुआ।
इस दौरान विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर साक्षरता का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।