सरगुजा

कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन भूपेश बघेल समेत कई नेताओं ने लिए सत्र
16-Sep-2026 9:13 PM
कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन भूपेश बघेल समेत कई नेताओं ने लिए सत्र

 धर्मनिरपेक्षता, सत्ता-संगठन समन्वय, आदिवासी मुद्दों और संगठन निर्माण पर हुई चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 16 सितंबर। सरगुजा संभाग स्तरीय कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनरों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी सहित विभिन्न प्रशिक्षकों ने अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण दिया। सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक कुल सात सत्र आयोजित किए गए। प्रशिक्षण परिसर में स्थापित भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

राजनीति में धर्म के उपयोग और धर्मनिरपेक्षता विषय पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संबोधित किया। वहीं सत्ता और संगठन के बीच समन्वय विषय पर पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कार्यकर्ताओं की भूमिका पर बात रखी। उन्होंने कहा कि सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल से जनता से जुड़े मुद्दों को उचित स्तर तक पहुंचाने और उनके निराकरण में मदद मिलती है।

एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी ने आदिवासी समुदाय के विकास में कांग्रेस के योगदान, जल-जंगल-जमीन से जुड़े मुद्दों तथा पेसा कानून की प्रमुख व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने संगठन निर्माण, पदाधिकारियों के दायित्व और संगठन के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने बूथ स्तर तक गठित संगठन को प्रभावी ढंग से संचालित करने के संबंध में प्रशिक्षुओं को जानकारी दी।

कांग्रेस संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने संचार सदनों के उपयोग तथा स्वतंत्रता आंदोलन के संदर्भ में आरएसएस की भूमिका पर अपना पक्ष रखा। सोशल मीडिया से संबंधित सत्र मणि वैष्णव ने लिया, जबकि दीपक मिश्रा ने कांग्रेस के कार्यक्रमों की ऑनलाइन व्यवस्था और ‘कनेक्ट कांग्रेस’ की प्रक्रिया की जानकारी दी।

ध्वज वंदन और योग से हुई दिन की शुरुआत

प्रशिक्षण के दूसरे दिन की शुरुआत सुबह कांग्रेस ध्वज वंदन के साथ हुई। कांग्रेस सेवादल प्रदेशाध्यक्ष अरुण ताम्रकर, सेवादल के सरगुजा संभाग प्रभारी विनीत विशाल जायसवाल एवं सेवादल जिलाध्यक्ष लोकेश कुमार की अगुवाई में सुबह 7 बजे ध्वज वंदन किया गया। इसके बाद योग प्रशिक्षक अजय तिवारी ने प्रशिक्षुओं को करीब एक घंटे तक योगाभ्यास कराया।

प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन 17 सितंबर को नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत छात्रों से जुड़े मुद्दों और पेपर लीक विषय पर सत्र को संबोधित करेंगे। कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री संगठन मलकीत गैदु ने बताया कि अंतिम दिन ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण का प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कार्यकर्ताओं को तैयार किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट