‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 अक्टूबर। खुज्जी विधायक छन्नी साहू ने रविवार को दो महत्वपूर्ण जलाशयों के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया है। अंबागढ़ चौकी विकासखंड के गोंदानाला जलाशय और गुंडरदेही जलाशय के नहर लाईनिंग कार्य का भूमिपूजन किया गया है। इस दौरान मोहला-मानपुर-अंबागढ़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी भी मौजूद थे।
विधायक छन्नी साहू ने क्रमश: गोंदानाला जलाशय और गुंडरदेही जलाशय के नहर लाईनिंग कार्य का शुभारंभ किया है। गोंदानाला के लिए शासन से एक करोड़ 76 लाख 54 हजार और गुंडरदेही जलाशय के लिए एक करोड़ 71 लाख 88 हजार रुपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
इस अवसर पर विधायक छन्नी साहू ने कहा कि बरसों से इस इलाके में सिंचित क्षेत्र का रकबा बढ़ाने और इसके समुचित विकास की आवश्यकता थी। क्षेत्र के किसानों ने इस विषय को हमारे संज्ञान में लाया था। किसानों के उत्थान के लिए समर्पित कांग्रेस सरकार तक हमने इस मांग को पहुंचाया। उच्च स्तरीय प्रयास किए गए। ध्यये था कि यह कार्य करने ही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द यह कार्य पूरे किए जाएंगे, ताकि अगली फसल से पहले किसानों को कृषि के लिए पर्याप्त पानी मिल सके।
इस दौरान केसीजी जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने कांग्रेस सरकार और विधायक छन्नी साहू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्र के किसानों के लिए ये बड़ी सौगात है। इसका श्रेय विधायक को भी मिलना चाहिए।
इस दौरान दिनेश कुमार, आफताब आलम, जीएस लदरे, अजीश मंसूरी, जीएस धवड़े, रमेश त्रिपाठी, अवधेश त्रिपाठी, मिर्जानबी बेगम, मो. सरीफ कुरैशी, देवसिंह कंवर, चतुर सिंह, अरूण यादव, सुरेश देशमुख, बिशे साहू, रामकिशोर देवांगन, मुकेश सिन्हा, बसंत मंडावी, इंदिराबाई उइके, शोभाराम धागेश, खेमचंद शांडिल्य, बालमुकुंद भुआर्य, रामदास, वहल निषाद, रोहन सहित अन्य मौजूद थे।