‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 जून। मारूति ईको वाहनों के साइलेंसर से कीमती मेटल डस्ट पैलेडियम की चोरी मामले में महासमुंद पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 20 किलोग्राम पैलेडियम बरामद किया गया है। जिसकी कीमत 4 लाख बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि राज्य में इस तरह का यह पहला मामला है। गिरफ्तार सभी आरोपी उत्तरप्रदेश निवासी हैं, जो वर्तमान में महासमुंद जिले में निवासरत हैं। पुलिस के मुताबिक पैलेडियम धातु को ज्वेलरी बनाने में उपयोग में लाया जाता है।
आज दोपहर दो बजे स्थानीय कंट्रोल रूम में एक प्रेस कॉन्फे्रंस आयोजित कर एएसपी मेघा टेंभुरकर, एसडीओपी नारद सूर्यवंशी, कोतवाली दरोगा शेर सिंह बांधे ने बताया कि जिले में साइलेंसर चोरी की रिपोर्ट लिखाने लोग लगातार पहुंच रहे थे। मुखबिर की शिकायत पर पुलिस ने उक्त अंतरराज्यीय गिरोह के कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी ईको मारूति वाहनों को ही निशाना बनाते थे, जिसमें महासमुंद क्षेत्र के कचहरी, टैक्सी स्टैंड, शेरगांव, जामगाव, बेचा, इमलीभाठा, स्टेशन रोड तथा अन्य क्षेत्र फिंगेश्वर, राजिम, गरियाबंद, धमतरी, बलौदा बाजार सहित कुल 48 ईको मारूति वाहनों को आरोपियों ने निशाना बनाया। मेटल डस्ट को गलाकर उसमें से पैलेडियम धातु निकाल कर बेचते थे। जिसकी अंतरर्राष्ट्रीय बाजार में लाखों की कीमत है।
पुलिस कहा कि इस तरह की शिकायत छत्तीसगढ़ में पहली बार सुनने को मिली थी और एसपी प्रफुल्ल ठाकुर की टीम साइबर सेल की टीम के साथ मामले की पड़ताल में लगी थी। तभी मुखबिरों से कल सूचना मिली कि गंजपारा महासमुंद निवासी गोविंद सिंह राजपूत ईको मारूति वाहनों को किराए से लेकर जाता है तथा अपने साथियों के साथ वाहन में लगे साइलेंसरों की चोरी करता है। मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने पुलिस की टीम बस स्टैंड महासमुंद पहुंचकर एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ करने पर वह अपना नाम गोविंद सिंह (32) हाल मुकाम महासमुंद बताया। उसके पास एक थैला मिला जिसमें उक्त मैटल भरा था। आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।
उसने बताया कि उत्तरप्रदेश निवासी इकरार खान, मुकीम खान, फरमान खान, साजिद खान, रिंकू उर्फ चंद्रजीत यादव, साजिम खान फेरी वाले थे और गोविंद के पिता से कपड़े खरीद कर फेरी बेचते थे। लॉकडाउन में काम बंद होने से सोशल मीडिया के माध्यम से ईको मारूति वाहनों से साइलेंसर चोरी कर पैलेडियम धातु निकालना और बेचना सीखा। अत: सभी ने मिलकर साइलेंसर चोरी की योजना बनाई। योजना के अनुसार गोविंद सिंह एक दो महीने से महासमुंद क्षेत्र के कचहरी टैक्सी स्टैंड, शेरगांव, जामगाव, इमलीभाठा, स्टेशन रोड तथा अन्य क्षेत्र, फिंगेश्वर, राजिम, गरियाबंद, धमतरी, बलौदाबाजार से कुल 48 मारूति वाहनों को निशाना बनाया है। इनमें से एक बेचा निवासी ओमप्रकाश साहू का ईको वाहन शामिल हैं। आरोपी वाहनों को किराए पर लेकर उसमें से साइलेंसर चोरी कर उसका डस्ट निकालते थे।