महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 जून। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कल एक घायल की मदद की। उन्होंने घायल की स्थिति को देखते हुए अपने वाहन से उसे हॉस्पिटल पहुंचाया।
संसदीय सचिव श्री चंद्राकर सोमवार को परसदा में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। शाम सात बजे के करीब खट्टी मोड़ के पास एक बाइक और कार में आमने-सामने भिडं़त हो गई थी। इस घटना में बाइक सवार इमलीभाठा निवासी महेंद्र साहू बुरी तरह से घायल हो गये। लोगों की भीड़ मौके पर थी। इसी दौरान वहां पहुंचे संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने अपनी गाड़ी रुकवाई। बाद में इसके घायल की स्थिति को देखते हुए उन्होंने अपने ड्राइवर शेख मोईनुद्धीन की मदद से घायल को अपने वाहन से शहर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
संसदीय सचिव श्री चंद्राकर की इस पहल पर घायल की बहन ने शुक्रिया जताते हुए कहा कि उन्होंने बिना देरी किए उसके घायल भाई को हॉस्पिटल पहुंचाकर मानवता का परिचय दिया है।
कोसरंगी निवासी चेतन साहू ने बताया कि घायल बागबाहरा की ओर महासमुंद की ओर आ रहा था। तभी हादसा हो गया। घटना स्थल से किसी ने एम्बुलेंस को फोन किया था। लोग घायल को अस्पताल ले जाने की बजाय एम्बुलेंस का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच पहुंचे संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने अपने वाहन से घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया। विधायक ने कहा कि हादसे के समय जनता को एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय जितना जल्दी हो सके, घायल को अस्पताल पहुंचाना चाहिए। ताकि घायल की जिन्दगी बच सके। इस बारे में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के भी निर्देश दे रखे है कि घायलों को पहले तुरंत अस्पताल पहुंचाएं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों को किसी प्रकार की कानूनी प्रक्रियाओं में नहीं उलझाया जाएगा।