महासमुन्द

बंद लिफाफे में जमा हो रही 12वीं की उत्तरपुस्तिका
06-Jun-2021 7:41 PM
 बंद लिफाफे  में जमा हो रही 12वीं की उत्तरपुस्तिका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 जून।
बारहवीं की परीक्षा के लिए छात्र-छात्राओं को केंद्रों से बांटे गए उत्तरपुस्तिकाओं को आज बंद लिफाफा के साथ जमा करना होगा। केंद्रों में जमा करने लगभग 98 प्रतिशत विद्यार्थी पहुंचेगे। जिस तरह 1 जून को लिफाफा का वितरण किया गया है, उसी तरह इनसे मात्र उत्तरपुस्तिका बंद लिफाफा में वापस लेंगे।
जिन बच्चों ने 1 जून को उत्तरपुस्तिका और प्रश्नपत्र लिया था, उनके लिए जमा करने का आज अंतिम दिन है। उत्तरपुस्तिकाएं जमा करने को लेकर सभी स्कूलों में पूरी तैयारियां हो चुकी है। कोविड.19 के गाइडलाइन के अनुसार बच्चों से उत्तरपुस्तिका बंद लिफाफा में लिया जाएगा। इस दौरान जमा करने के बाद बच्चों को हस्ताक्षर भी करना होगा। ज्ञात हो कि निर्धारित समय पर सभी विषयों के उत्तरपुस्तिकाओं को केंद्र में जमा करना है। यदि नहीं कर पाए तो ऐसे छात्र अनुपस्थित माने जाएंगे।

 ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एस चंद्रसेन ने बताया कि जिस प्रकार कोविड.19 के गाइडलाइन के अनुसार बिना भीड़ किए प्रश्न.पत्र व उत्तरपुस्तिका का वितरण किया गया था, उसी तरीके से बच्चों से वापस लिए जाएंगे। विद्यालय निर्धारित समय पर खुलेगा। जो बच्चे 2 जून को लिफाफा स्कूल से लिए हैं वे कल जमा करेंगे। उन्होंने बताया कि उत्तरपुस्तिका का बंद लिफाफा जमा करने बच्चों को स्वयं स्कूल पहुंचना होगा। केवल उन्ही बच्चों को छूट दी गई है, जो संक्रमित होगा। उनकी जगह पर परिजन प्रमाण-पत्रों के साथ आकर जमा कर सकेंगे।
जिस प्रकार उत्तरपुस्तिका व प्रश्नपत्र लेने के लिए स्कूल पहुंचने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश के पूर्व थर्मल स्क्रीनिंग व सैनिटाइज के बाद अंदर प्रवेश दिया गया था, ठीक उसी तरह जमा करने पहुंचने के दौरान भी प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें कमरे में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बिठाकर उससे हस्ताक्षर कराने के बाद उत्तरपुस्तिका का बंद लिफाफा लिया जा रहा है। वहीं जो बच्चे मास्क लगाकर नहीं पहुंचें हैं, उन्हें स्कूल के अंदर एंट्री नहीं दी जा रही है। 

मालूम हो कि जिले में पंजीकृत 11100 परीक्षार्थी है, जिन्हें माध्यमिक शिक्षा मंडल के आदेश के अनुसार 1 जून से प्रश्नपत्र व उत्तरपुस्तिका का वितरण किया गया था। बनाए गए केंद्रों के माध्यम से 1 जून को जिले में करीब 98 प्रतिशत बच्चों ने प्रश्न.पत्र व उत्तरपुस्तिका का लिफाफा लिया था। कुछ ही छात्र-छात्राएं रह गए थे, जो पहले दिन भीड़ होने की वजह से दूसरे दिन यानी 2 जून को लिए थे। परीक्षा को लेकर स्कूलों में तैयारियां शुरू हो गई थी लेकिन बढ़ते संक्रमण के बाद स्कूलों को बंद कर दिया है। बाद में बोर्ड ने घर में परीक्षा देने का आदेश जारी किया गया। इस आदेश के तहत जिले के 247 केंद्र 185 सरकारी व 62 निजी स्कूलों में 1 जून से बच्चों को उत्तरपुस्तिका व प्रश्न-पत्र का वितरण किया गया था। 

 


अन्य पोस्ट