महासमुन्द
महासमुंद, 7 जून। बीते शनिवार को राज्य से प्राप्त हुए 5 हजार कोविशील्ड की डोज के साथ 13 दिनों से बंद पड़े 18 प्लस का वैक्सीनेशन अभियान रविवार को पूरे रफ्तार से शुरू हुआ। रविवार को 18 प्लस के वैक्सीनेशन के लिए 70 सेंटर बनाए गए थे, जिसमें अंत्योदय, एपीएल, बीपीएल व फ्रंटलाइन वर्कर्स को रजिस्ट्रेशन के आधार पर टीका लगाया गया। रविवार को पूरे जिले में 3049 को टीका लगाया गया है। गौरतलब है कि जिले में 18 प्लस का वैक्सीनेशन अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित किया गया था। वैक्सीन मिलने की सूचना पाकर जिला मुख्यालय के लोग भी विभिन्न सेंटर्स में जाकर टीकाकरण के बारे में पता करते रहे।
जिला मुख्यालय से लगे ग्राम बिरकोनी के स्वास्थ्य केंद्र में 18 प्लस के लिए टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया था। लाभार्थियों के लिए यहां 5 वायल यानी 50 वैक्सीन की डोज भेजी गई थी, जिसमें से सिर्फ 40 डोज का उपयोग हो पाया। केंद्र के प्रभारी डॉ. तोरण चंद्राकर ने बताया कि सेंटर में टीकाकरण के लिए बहुत से लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था, जिन्हें रविवार के लिए स्लॉट दिया गया था। इसमें से 10 लोग नहीं आए। हालांकि टीका लगाने व वेस्टेज न हो इसके लिए हम उनसे फोन पर संपर्क करते रहे लेकिन लाभार्थी नहीं पहुंचे। आज सोमवार को जिले के 30 सेंटर्स पर 45 प्लस व 18 प्लस कैटेगरी के लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। 18 प्लस कैटेगरी के लिए टीका एप पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। उनको सेंटर और डोज के अनुसार अपाइंटमेंट व टाइम स्लॉट ऑनलाइन ही प्रदान किया जाएगा।