महासमुन्द

दो महीने बाद भी शराब दुकान शिफ्ट नहीं, नाराज वार्डवासियों ने किया आंदोलन
06-Jun-2021 7:44 PM
दो महीने बाद भी शराब दुकान शिफ्ट नहीं, नाराज वार्डवासियों ने किया आंदोलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 6 जून। तुमगांव रोड एकता चौक में स्थित अंग्रेजी शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर एक बार फिर से वार्डवासी धरने पर बैठ गए। 
पहले भी वार्डवासियों ने जब दुकान को लेकर आंदोलन किया था तो अधिकारियों ने 15 दिनों में दुकान शिफ्ट करने का आश्वासन दिया था। लेकिन दो महीने बीतने के बाद भी दुकान शिफ्ट नहीं हुई तो नाराज वार्डवासियों ने शनिवार को फिर से आंदोलन शुरू कर दिया। आंदोलन की खबर पाकर मौके पर पहुंचे संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर भी अधिकारियों के रवैये से खासे नाराज हुए। उन्होंने अधिकारियों से दो टूक कहा कि जब दुकान हटाने का आश्वासन दिया गया था तो कार्रवाई क्यों नहीं की गई? आज जब वार्डवासी फिर से आंदोलन कर रहे हैं तो फिर से जल्द शिफ्ट करने की बात कर रहे हो। जाओ दुकान नहीं खुलेगी, जो करना है कर लो। मैं वार्डवासियों के साथ हूं। संसदीय सचिव का सख्त लहजा सुनकर प्रशासनिक अधिकारी उल्टे पांव लौट आए।

मामला यह है कि तुमगांव रोड में एकता चौक के पास स्थित अंग्रेजी शराब दुकान को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग लंबे समय से वार्डवासी कर रहे हैं। समय-समय पर इसे लेकर खूब आंदोलन भी हुए। जब भी आंदोलन हुआ तो अधिकारियों ने एक ही बात कही. दुकान जल्द ही शिफ्ट होगा। लेकिन सालभर बीतने के बाद भी आज तक दुकान नहीं हटाई जा सकी है। दो महीने पहले भी वार्डवासियों ने आंदोलन किया था। सूचना पर संसदीय सचिव विनोद सेवन लाल चंद्राकर मौके पर पहुंचे थे। उनके सामने ही अधिकारियों ने 15 दिन के भीतर दुकान शिफ्ट करने का आश्वासन दिया था, लेकिन दो महीने बाद भी दुकान नहीं हटाया गया। इसी के चलते कल शनिवार को फिर से स्थिति बिगड़ गई।
कल तुमगांव चौक स्थित अंग्रेजी शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर वार्डवासियों ने फिर से आंदोलन किया। मौके पर वार्डवासी व भाजपा नेता देवीचंद राठी, महेन्द्र सिक्का, मीना वर्मा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी सुबह दुकान के सामने धरने पर बैठ गए और दुकान खोलने से कर्मचारियों को मना कर दिया। इस दौरान पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा भी मौके पर पहुंचे और अपना समर्थन दिया। सूचना पाकर सहायक जिला आबकारी अधिकारी अल्ताफ  खान व तहसीलदार मूलचंद चोपड़ा आंदोलनकर्ताओं को मनाने पहुंचे। लेकिन वे नहीं मानें। वार्डवासियों के विरोध के चलते दुकान नहीं खुली। जबकि एक दिन पहले ही शासन ने प्रदेशभर के अंग्रेजी शराब दुकान को खोलने का निर्देश जारी किया था।
शराब दुकान के विरोध की सूचना पाकर विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर भी मौके पर पहुंचे। यहां उन्होंने दुकान खुलवाने आए अतिरिक्त आबकारी अधिकारी अल्ताफ खान व तहसीलदार मूलचंद चोपड़ा को कहा कि दो महीने पूर्व दुकान शिफ्ट करने का आश्वासन विभाग के द्वारा मिला था। नए दुकान के लिए टेंडर जारी हो गया है, वहां तैयारियां भी हो गई है लेकिन शिफ्ट क्यों नहीं किया गया, ये विभाग की लापरवाही है। गौरतलब है कि तुमगांव रोड स्थित अंग्रेजी शराब दुकान को हटाने को लेकर और जहां दुकान शिफ्ट किया जाना है वहां दुकान नहीं खोलने देने को लेकर आंदोलन चल रहा है। एकता चौक के आसपास के निवासी दुकान हटाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। वहीं दुकान को जहां शिफ्ट किया जाना है, उसके पास ही ग्राम बेमचा है। ऐसे में बेमचा के ग्रामीण और जनप्रतिनिधि दुकान खोलने का विरोध कर रहे हैं। इसी पेंच में दुकान शिफ्ट नहीं हो पा रहा है। 
बेमचा के उप सरपंच देवेन्द्र चंद्राकर ने भी नए दुकान को लेकर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा है कि यदि वर्धमान नगर में दुकान खुलेगी तो पूरे ग्रामीण विरोध में उतर आएंगे।


अन्य पोस्ट