‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 1 जून। उत्तर प्रदेश के ईंटभट्ठों में दिन रात मेहनत करने के बाद मजदूर नम आंखों से अपने सिर पर कर्ज का बोझ लादकर वापस अपने घर पहुंच रहे हंै।
सितंबर से नवंबर में क्षेत्र से अन्य प्रांतों के ईंटभट्ठों में काम करने गए मजदूर अब तेजी से वापस लौटने लगे हैं। वापस आने वाले मजदूरों में कई मजदूर तो ऐसे भी हैं, जिन्होंने काम के लिए मेहनत तो बहुत की, परन्तु वापस वे कर्ज लेकर ही घर पहुंचे हंै। जबकि इन मजदूरों को ईंटभट्ठों तक पहुंचने वाले दलाल घर बैठे मजदूरों को मिलने वाली लाखों रुपये कमाई की राशि स्वयं कमीशन के रूप में हड़प रहे हैं।
82 हजार ईंट बनाई, 4 हजार कर्ज लेकर आये
रविवार को उत्तरप्रदेश के सिद्धार्थ नगर से बस द्वारा सीधे पिथौरा बस स्टैंड में उतरे एक मजदूर से ‘छत्तीसगढ़’ ने बात की। बया निवासी इस युवक ने बताया कि वे अपने परिवार के कुल 7 लोग सिद्धार्थ नगर के भडलिया स्थित ईंटभट्ठा में काम कर रहे थे। उनके साथ एक सात साल तो एक तीन साल के बच्चे भी थे। (बार-बार उक्त युवक द्वारा नाम प्रकाशित नहीं करने के आग्रह के कारण उसका नाम प्रकाशित नहीं किया।)
यहां उन्हें ईंट निर्माण की मजदूरी 600 रुपये प्रति हजार दी गई, जबकि मजदूरों द्वारा बनाई गई ईंट पर 600 रूपए की दलाली इन्हें भट्ठा तक पहुंचाने की दी गई। कुल मजदूरी 1200 रुपये प्रति हजार ईंट निर्माण के दिये जाते हैं। जिसे मजदूर एवं दलाल के बीच आधा-आधा बंटवारा हो जाता है। इस बार उक्त परिवार ने करीब 82 हजार ईंट बनाई थी, जिसकी मजदूरी 49 हजार दो सौ रुपये की मजदूरी बनी। अब भट्ठा दलाल रामलाल ने इस परिवार से कहा कि और चंद रुपये एडवांस के मिलाकर 53 हजार रुपये का हिसाब निकल दिया। मतलब अब ये मजदूर परिवार दिन-रात की मेहनत के बाद भी 4 हजार का कर्ज लेकर घर लौटे हंै।
शासन की योजनाओं से दूर
जंगल के समीप बसे कंवर आदिवासी परिवार के उक्त परिवार के मुखिया मोतीलाल से भट्ठा जाने का कारण पूछने पर उसने क्षेत्र में काम नहीं होना बताया। मोती केे पास डेढ़ एकड़ जमीन भी है। इस जमीन पर वह खेती भी करता है, परन्तु धान आवश्यकता अनुसार थोड़ा-थोड़ा बेचकर खाते हैं, जिससे उन्हें राज्य सरकार की राजीव न्याय योजना हो या केंद्र की किसान सम्मान निधि, दोनों का लाभ नहीं मिल पाता, लिहाजा ग्रामीणों का ईंट भट्ठा जाना ही इनकी नियति बन चुका है।

दलाल मालामाल
क्षेत्र के मजदूरों को भट्ठा मालिकों से अग्रिम लेकर मजदूरों को उधार देने वाले मजदूर अपने इस कार्य में प्रति वर्ष लाखों से करोड़ तक की कमाई करते हैं। इन भट्ठा दलालों के रौब इतना है कि इनसे पूछताछ करने का साहस भी नीचे स्तर के अफसर नहीं कर सकते, जिससे इन दलालों के पास करोड़ों की प्रॉपर्टी हो गयी है।
एक छोटे ठेकेदार ने बताया कि अब मजदूर दलाली का कार्य एक ऐसा उद्योग बन गया है जिसमें ना तो जीएसटी का झंझट और ना ही आयकर का कोई झमेला। बताया जाता है कि भट्ठा दलालों का रुतबा इतना ज्यादा होता है कि इनके सामने पुलिस भी नतमस्तक दिखाई देती है। एक पूर्व थानेदार ने तो मजदूर ले जाने की शिकायत पर कार्रवाई करने की बजाय शिकायत करता को उन्हें अधिकार नहीं है कहकर चलता कर दिया था।
25 से 50 हजार भी कमाते हैं मजदूर
कर्ज लेकर आने वाले मजदूरों के अलावा वापस आ रहे मजदूरों में कुछ मजदूर ऐसे भी हैं, जो 25 से 50 हजार रुपये तक नगद लेकर घर पहुंचते हैं, परन्तु लगातार 6 से 7 माह तक मेहनत करने वाले इन मजदूरों के 50 हजार कमाई के रुपये भी घर आते ही खर्च हो जाते हैं।
बहरहाल समृद्ध छत्तीसगढ़ में भट्ठा मजदूर दलाल एक कलंक के टीके के समान है जो कि मजदूरों को शासन की योजनाओं से पहले वंचित करते हैं, फिर उन्हें कर्ज देते हंै। इसके बाद इसी कर्ज को उतारने उन्हें भट्ठा की हाड़तोड़ मेहनत में झोंक कर स्वयं धन कमाते हैं।
आयकर विभाग को संज्ञान में लेने की जरूरत
अपने क्षेत्र में बगैर कोई व्यवसाय या कृषि के प्रतिवर्ष करोड़ों की बेहिसाब संपत्ति बनाने वाले भट्ठा दलालों पर अब मात्र आयकर विभाग ही कार्रवाई करने में सक्षम हो सकता है। दलालों की सम्पत्ति की जांच की जाय तो शासन को करोड़ों की बेहोसब सम्पत्ति का पता चल सकता है।