महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 जून। कोमाखान को तहसील का दर्जा मिलने के बाद वहां के कृषि उपज मंडी प्रांगण में छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत वर्षामापी यंत्र स्थापित किया गया। इस मामले में राजस्व निरीक्षक आरपी ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र के वर्षा रिकार्ड का प्रतिदिन कोमाखान तहसील के नाम संधारित होगा। इस रिकॉर्ड से किसानों के लिए अनावारी रिपोर्ट सहित अतिवृष्टि, अनावृष्टि, अल्पवृष्टि की गणना के साथ फसल बीमा व अन्य क्षेत्रों में इसका लाभ मिलेगा।
इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि वर्षा मापी यंत्र से वर्षा का प्रतिदिन नियत समय में रिकार्ड दर्ज कर आनलाइन जानकारी भेजी जाएगी। इसके लिए ग्राम पंचायत सचिव को नियुक्त किया गया है। फसल को होने वाले नुकसान का आंकलन कर बीमा के सत्यापन का काम भी आसान हो जाएगा। इसके लिए ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। यंत्र स्थापना अवसर पर खेदू सोनी, कृषक लाभों भालुचुवा, बृजलाल सुअरमार, कोटवार ठाकुरदास उपस्थित रहे।