महासमुन्द
महासमुंद, 1 जून। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत गुरुवार 2 जून को सुबह 10 बजे से शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय महासमुंद में जन्म से 18 वर्ष तक के विभिन्न श्रेणी के चिन्हांकित बच्चों का नि:शुल्क जांच व उपचार के लिए शिविर का आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में एनएचएमएमआई हॉस्पिटल रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ईको कार्डियोग्राफी मशीन से जांच की जाएगी। जांच के बाद बच्चों के हृदय रोग से ग्रसित पाए जाने पर उनका निशुल्क इलाज एनएचएमएमआई हॉस्पिटल रायपुर में किया जाएगा। अन्य रोग से ग्रसित बच्चों की जांच व उपचार शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की जाएगी। एनएचएमएमआई हॉस्पिटल रायपुर से शिशु एवं बाल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ.किंजल बक्शी अपनी सेवाएं देंगे। चिकित्सा महाविद्यालय से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
जिसमें एमडी मेडिसिन, सर्जन, शिशु रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक और फिजियोथेरेपिस्ट अपनी सेवाएं देगें। सीएमएचओ डॉ,एसआर बंजारे ने बताया कि बच्चों को विकासखंड स्तर से चिरायु दलों द्वारा वाहनों के माध्यम से चिकित्सा महाविद्यालय लाया जाएगा।