महासमुन्द
राज्यसभा में भी स्थानीय की उपेक्षा के स्वर
महासमुंद,1 जून। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र चन्द्राकर ने कांग्रेस द्वारा राज्यसभा में छत्तीसगढ़ से स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता ना दिए जाने पर राज्य सरकार को आड़े हांथों लेते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता की बात करने वाले भूपेश बघेल ने राज्यसभा के लिए प्रदेश से चयनित 2 उम्मीदवारों के चयन से उनका असली चेहरा सामने आ गया है। राज्य सरकार प्रदेश कांग्रेस से राज्यसभा के लिए योग्य प्रत्याशी नहीं ढूंढ पायी। पिछली बार भी खाली हुई दोनों सीटों में से एक में स्थानीय और एक बाहरी को मौका दिया गया था। इस बार भी रिक्त हुई दोनों सीटों में कम से कम एक स्थानीय की उम्मीद थी। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के चार सांसदों में सिर्फ एक सांसद ही स्थानीय है जबकि तीन अन्य राज्यों से है। प्रदेश में बोरे बासी उत्सव सिर्फ छलावा के अलावा कुछ नहीं है। प्रदेश के लोगों को बोरे बासी और बाहरी खाए खीर मलाई।