महासमुन्द
महासमुंद, 3 सितंबर। कल सरकार व फेडरेशन के बीच बात बन गई है। सरकार ने उसकी मांगें मान ली है। वहीं फेडरेशन ने भी सरकार की बात पर सहमति जताई है और एक मौका देते हुए हड़ताल समाप्त करने निर्णय लिया है। इस तरह शुक्रवार को हड़ताल समाप्त हो गया और शनिवार को स्कूलों में लटक रहे ताले भी खुले हैं।
चर्चा है कि सोमवार से आमजनों को राहत मिलेगी। क्योंकि 12 दिनों से सरकारी दफ्तरों व स्कूलों में ताला लटक रहा था और अधिकारी कर्मचारी अपनी मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल में चले गए थे। हड़ताल में चले जाने की वजह से पूरी काम-काज प्रभावित रही।
इस दौरान स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी 12 दिनों तक ठप रही आगामी महीने सितंबर में त्रैमासिक परीक्षा आयोजित होगी और बच्चों को कोर्स की चिंता सता रही है। फेडरेशन की जिला संयोजक एस. चंद्रसेन ने बताया कि प्रांतीय पदाधिकारियों को सरकार से मिले आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की गई है।मालूम हो कि फेडरेशन केंद्र के समान महंगाई भत्ता 34 प्रतिशत व सातवें वेतनमान के अनुसार गृह भाड़ा भत्ता देने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल में चले गए थे। हालांकि पूर्व में पांच दिवसीय हड़ताल में 6 प्रतिशत महंगाई भत्ता सरकार ने बढ़ाया था, लेकिन फेडरेशन के पदाधिकारियों ने 12 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने की बात पर अडिग रहे और 22 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे।
आंदोलन के 12 दिनों के भीतर फेडरेशन व अधिकारियों के बीच दो तीन बार बैठकें हुई, लेकिन बात नहीं बनी। गुरुवार को पांच घंटे तक फेडरेशन के पदाधिकारियों से चर्चा हुई, फिर भी बात नहीं बनी। इसके बाद देर रात कृषि मंत्री ने फेडरेशन से फिर से चर्चा करने के लिए सूचना भिजवाई। इसके बाद शुक्रवार सुबह उनके निवास में पदाधिकारियों व कृषि मंत्री के बीच चर्चा हुई और सार्थक पहल निकला। इसके बाद सहमति बनाते हुए हड़ताल को वापस लेने का फेडरेशन के पदाधिकारियों ने ऐलान किया गया।