महासमुन्द

स्व सहायता समूह की महिलाओं को बकाया बिलों का भुगतान नहीं, स्कूलों से भूखे पेट लौट रहे बच्चे
04-Sep-2022 2:18 PM
स्व सहायता समूह की महिलाओं को बकाया बिलों का भुगतान नहीं, स्कूलों से भूखे पेट लौट रहे बच्चे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 सितम्बर।
स्व सहायता समूहों की महिलाओं को बकाया बिलों का भुगतान नहीं होने से बच्चों को भूखे रहने की नौबत आ गई है। समूहों को समय पर भुगतान नहीं होने से इसका असर स्कूल के मध्यान्ह भोजन पर पड़ रहा है। जानकारी मिली है कि इसका असर कुछ स्कूलों में दिखने भी लगा है। वहां पिछले कई दिनों से बच्चों को मध्याह्न भोजन नहीं मिल रहा है।

महासमुंद के नयापारा स्थित स्कूल में रसोई बंद है और बच्चों को कल मध्यान्ह भोजन नहीं मिला है। यहां से सारे बच्चे कल खाली पेट घरों को वासप लौटे हैं। तुमाडबरी स्थित स्वामी आत्मानंद नयापारा स्कूल में भी मध्यान्ह भोजन का वितरण पिछले तीन-चार दिनों से बंद है। वहां भी बच्चों से चर्चा की गई तो पता चला कि उन्हें मध्यान्ह भोजन नहीं मिल रहा है।

तुमाडबरी आत्मानंद स्कूल परिसर से लगे प्राथमिक स्कूल के बच्चों ने बताया कि हर बार शनिवार को खीर, पूड़ी, चना, दाल, चावल मिलता है, लेकिन कल शनिवार को केवल सूजी का कतरा ही मिला है।
 इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी एस चंद्रसेन का कहना है कि सोमवार से दफ्तर खुलेगा, फिर भुगतान को लेकर कार्रवाई करेंगे।

महारानी लक्ष्मी बाई स्व सहायता समूह की सदस्य मीना वर्मा ने बताया कि जून से अगस्त तक के सामान का वितरण अभी तक नहीं हुआ है। बार-बार अधिकारियों से भुगतान के संबंध में चर्चा करते हैं, लेकिन राशि नहीं आने का हवाला देकर वापस लौटा देते हैं। बीते 26 अगस्त को इसके संबंध में कलेक्टर के नाम ज्ञापन भी सौंपा है। लेकिन कोई विचार नहीं किया गया है।

समूह बनाकर मध्यान्ह भोजन बनाने वाली सीता डोंडेकर कहती हैं कि महंगाई बढ़ गई है,  लेकिन सरकार से पांच-दस साल पुरानी दर ही समूह को मिल रही है। दुकानदार के पास तीन महीने का करीब दो से ढाई लाख रुपए बिल बकाया है, वहीं दो लाख रुपए का सूखा राशन का भुगतान भी बाकी है। अब दुकानदार ने भी सामान देने के लिए हाथ खड़े कर दिए हैं। इस स्थिति में स्कूलों में मध्यान्ह भोजन पर संकट आ गया है।  
--------


अन्य पोस्ट