कल कलेक्टर-एसपी दफ्तर का घेराव
घेराव में 500 किसानों के शामिल होने की उम्मीद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 सितम्बर। छत्तीगसढ़ किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले जिले के किसान कल मंगलवार 13 सितंबर को कलेक्ट्रेट, एसपी ऑफिस व कृषि उपज मंडी का घेराव करेंगे। इसकी जानकारी संगठन ने प्रेसवार्ता में दी। प्रेसवार्ता के दौरान संगठन के लोगों ने कहा कि पिछले 3 सालों से कुछ मिलर्स ने किसानों के धान का पैसा नहीं दिया है। जिसकी वजह से 80 से ज्यादा किसान आर्थिक व मानसिक रूप से परेशान हैं। वहीं एक किसान ने आत्म हत्या कर ली है। संगठन ने किसानों का शोषण करने वाले राइस मिलर्स को शासन प्रशासन द्वारा संरक्षण देने का आरोप लगाया है।
महासमुंद जिला प्रेस क्लब में रविवार को छत्तीगसढ़ किसान मजदूर महासंघ की प्रेसवार्ता में संगठन की ओर से जागेश्वर जुगनू चंद्राकर जिला पंचायत सदस्य, संगठन के सदस्य तेजराम विद्रोही, सुरेश कुमार चंद्राकर, पवन चंद्राकर, शंकर चंद्राकर तथा बिसहत चंद्राकर ने बताया कि कृषक कांतिलाल साहू ने साल 2019 में बेचे गए धान की राशि 3 लाख 66 हजार 826 रुपए का 3 साल से भुगतान नहीं किया है। उइसी कारण से आर्थिक व मानसिक रूप से परेशान कांतिलाल ने 20 अगस्त को जहर खा लिया था। उनकी मौत 24 अगस्त को हो गई थी।
इसी तरह से महासमुंद जिले में साराडीह, बागबहरा क्षेत्र के राइस मिलर्स पर भी लगभग 80 किसानों का 2 करोड़ 23 लाख से ज्यादा का बकाया लगभग 3 सालों से है। जिसके लिए किसान बार-बार कृषि उपज मंडी के अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। मगर कोई नतीजा नहीं निकल रहा है।
इनका आरोप है कि जिला प्रसासन के अधिकारी राइस मिलर को संरक्षण दे रहे हैं। शासन-प्रशासन भी किसानों के इस संवेदनशील मुद्दे पर मूकदर्शक बना हुआ है। जिसकी वजह से किसानों में नाराजगी है। संगठन के लोगों ने कहा है कि महासमुंद में किसानों के शोषण के खिलाफ अब बड़ी लड़ाई की जरूरत है, ताकि फिर कोई किसान आर्थिक व मानसिक रूप से परेशान होकर कांतिलाल साहू की तरह आत्महत्या ना कर सके। इसके लिए मंगलवार 13 सितंबर को कलेक्ट्रेट, एसपी ऑफिस और कृषि उपज मंडी का घेराव किया जाएगा।
इनका कहना है कि कांतिलाल और राइस मिलर के बीच धान खरीदी के दौरान जो कागजात तैयार हुए हैं, उसमें भी कांतिलाल के नाम पर हस्ताक्षर किसी और का है। पैसे लेन-देन को लेकर पुलिस ने राइस मिलर पर मामला दर्ज किया है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की है।
मृतक कांति लाल साहू ने सचिव कृषि उपज मंडी समिति महासमुंद को 9 सितंबर 2019 को लिखित शिकायत कर बेचे गये धान की कीमत राशि भुगतान के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। उनका अंतिम आवेदन 24 जून 2022 को प्रस्तुत की गई है।
आत्महत्या से पहले किसान कांतिलाल के आवेदन पर सचिव कृषि उपज मंडी समिति महासमुंद ने क्रेता व्यापारी श्री बजरंग अग्रवाल फर्म बजरंग इण्डस्ट्रीज ग्राम कोसरंगी के विरूद्ध कागजी कार्यवाही मात्र की है। इस कार्यवाही के खिलाफ क्रेता व्यापारी बजरंग अग्रवाल ने मंडी प्रशासन के विरुद्ध उच्च न्यायालय बिलासपुर में रिट याचिका दायर किया। उच्च न्यायालय बिलासपुर ने दायर रिट याचिका का सुनवाई करते हुए दिनांक 15 नवंबर 2019 को निर्णय पारित किया है कि प्रकरण की निराकरण मंडी प्रशासन सचिव, दोनों पक्षों को बुलाकर उनके पक्ष सुनने के पश्चात अतिशीघ्र निर्णय पारित करें।
इन्होंने बताया कि इस प्रकरण में मंडी बोर्ड मुख्यालय प्रबंध संचालक रायपुर ने भी मंडी सचिव महासमुंद को अनेक बार पत्र प्रेषित कर उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार 15 दिवस के भीतर कार्यवाही करने निर्देश दिया परन्तु मंडी सचिव ने प्रकरण पर 3 वर्ष व्यतीत होने के बाद भी कोई रूचि नहीं दिखाई। यदि समय पर आदेशों का पालन कर प्रकरण में पहल हुआ होता तो किसान कांतिलाल साहू की जान बच सकती थी। कांति लाल साहू अपने प्रकरण पर न्याय पाने के लिए मंडी सचिव के पास बार-बार जाया करता था पर सचिव उनके निवेदन आवेदन पर विगत 3-4 वर्षों से कोई ध्यान नहीं दिया और न ही मंडी बोर्ड के अधिकारी कोई जांच पड़ताल के लिए मंडी आये। इसी कारण से कांतिलाल साहू ने हताश होकर कीटनाशक दवाई का सेवन कर आत्महत्या कर लिया।
मंडी से प्राप्त दस्तावेज अनुसार कांतिलाल साहू के नाम से उपमंडी भोरिंग में क्रेता फर्म एमपी राईस ट्रेडिंग कम्पनी राईस मिल में सौदा पत्रक व भुगतान पत्रक काटा गया है। जिसमें पर्ची तैयार करने वाले कर्मचारी का लिखावट एवं किसान का हस्ताक्षर एक समान है। किसान कांतिलाल साहू अंग्रेजी में हस्ताक्षर नहीं करता है भुगतान पत्रक में किसान का हस्ताक्षर फर्जी है। मंडी से काटे गये सौदा पत्रक पर्ची में गाड़ी नंबर लिखा हुआ है जो जांच योग्य है।
मृतक किसान कांतिलाल साहू को व्यापारी बजरंग अग्रवाल की ओर 3 लाख 66 हजार 826 रुपए देयक शेष है। इसी तरह महामाया एग्रोटेक एवं सांई कृपा राईस मील के संचालक तेजा प्रकाश चन्द्राकर ग्राम साराडीह महासमुंद पर 57 किसानों का भुगतान राशि 16 करोड़ 75 हजार 282 रुपए बकाया है। इसी प्रकार राकेश चौहान पिता बुधराम चौहान चण्डी मेडिकल बागबाहरा पर 19 किसानों का भुगतान राशि 61 लाख, 88 हजार 650.50 रुपए बकाया है। सभी प्रकरणों की जानकारी लिखित रुप में कृषि उपज मंडी समिति महासमुंद, मंडी बोर्ड रायपुर और जिला कलेक्टर महासमुंद को अवगत है। इन सभी प्रकरणों को 4 साल बीत गया है जिसका भुगतान आज तक नहीं किया गया है।
लिहाजा 13 सितम्बर 2022 दिन मंगलवार को दोपहर1 बजे किसानों द्वारा कलेक्टर, पुलिस अधिक्षक व कृषि उपज मंडी समिति महासमुंद का घेराव किया जाना तय हुआ है। इस दौरान किसान मांग पत्र सौंपेंगे ताकि मृतक किसान कांतिलाल साहू के रास्ते पर चलने के लिए कोई और किसान मजबूर न होवें। पत्रकार वार्ता को जागेवर जुगनू चन्द्राकर संयोजक मंडल एवं जिला पंचायत सदस्य महासमुंद,तेजराम विद्रोही संयोजक मंडल सदस्य छग किसान मजदूर महासंघ, सुरेश उर्फ शंकर चन्द्राकर ग्राम बेलसोंडा, पवन चन्द्राकर ग्राम खरोरा, बिसहत चन्द्राकर ग्राम बेलसोंडा, प्रवीण चन्द्राकर ग्राम लभरा खुर्द ने संबोधित किया।