महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 सितम्बर। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की हड़ताल 12वें दिन समाप्त हो गई और कल सोमवार से सरकारी कार्यालयों में कामकाज शुरू हो जाएगा। लेकिन पिछले 9 दिनों से 13 सूत्री मांगों को लेकर सरपंच संघ के आंदोलनरत होने से ग्राम पंचायतों में काम काज ठप्प है। इसकी वजह से ग्रामीणों को ज्यादा राहत नहीं मिली है। ग्रामीण अब भी पंचायत स्तर के कामों के लिए भटक रहे हैं।
गौरतलब है कि 13 सूत्रीय मांगों को लेकर सरपंच संघ 26 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हंै। इसकी वजह से जिले के 545 ग्राम पंचायतों के 1102 गांव प्रभावित हैं। शासन की योजनाओं से ग्रामीण वंचित हो रहे हैं इसके अलावा स्कूली छात्रों की आय, जाति, निवास नहीं बन पा रहा है। पंचायत स्तर के अन्य कामों के लिए भी ग्रामीणों को भटकना पड़ रहा है।
सरपंच संघ की प्रमुख मांगों में 20 हजार रुपए मानदेय और 10 हजार पेंशन शामिल हैं। इसके अलावा पंचों को 5 हजार का मानदेय, 50 लाख तक के कामों एजेंसी पंचायत को बनाने, 10 लाख के सरपंच निधि की मांग, माओवादियों द्वारा सरपंचों की हत्या पर 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, 15वें वित्त की राशि को अपने क्षेत्र में देने, मनरेगा सामग्री राशि का भुगतान हर तीन महीने में करने, 40 प्रतिशत अग्रिम राशि देने, सरपंचों व पंचों के कार्यकाल को दो वर्ष बढ़ाने, सरपंचों के अविश्वास प्रस्ताव अधिनियम में संशोधन और धारा 40 में संशोधन करने संबंधी मांगें शामिल हैं।