बरबसपुर खल्लारी में हुए अंधेकत्ल का खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 मार्च। महासमुंद पुलिस ने बरबसपुर खल्लारी में हुए अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलने के 12 घंटे के भीतर हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि एक नाबालिग ने शराब की डिमांड पूरी नहीं होने पर हत्या की। आरोपी बालक को बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना खल्लारी में 10 मार्च को डायल 112 को सूचना मिली कि ग्राम बरबसपुर खल्लारी निवासी पुरुषोत्तम नेताम घायल अवस्था में पड़ा हुआ है, उसके साथ किसी ने मारपीट की है। डायल 112 के कर्मचारी बिना विलम्ब किये घटना स्थल ग्राम बरबसपुर खल्लारी पहुंचे। यहां से घायल पुरूषोत्तम नेताम को तत्काल सीएचसी बागबाहरा पहुंचाया गया। यहां उपचार आरंभ होते ही संघातिक चोटों की वजह से पुरुषोत्तम नेताम की मृत्यु हो गई। इसके बाद थाना खल्लारी में अपराध पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया।
पुुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने उक्त सूचना को गंभीरता से लेते हुये सायबर सेल एवं थाना खल्लारी की पुलिस टीम को घटना स्थल पहुंच कर बारिकी से जांच करने निर्देशित किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी अज्ञात आरोपी द्वारा किसी वस्तु से चोट पहुंचाकर हत्या करना पाया गया। अत:अज्ञात आरोपी के विरूध्द थाना खल्लारी में अपराध धारा 302 पंजीबध्द कर मामले को विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पता चला कि घटना दिनांक 10 मार्च को दोपहर 12 बजे के लगभग पुरुषोत्तम नेताम और आरोपी नााबालिग मोटर सायकल में सवार होकर ग्राम कोमा की तरफ गए थे। लेकिन वापसी के दौरान आरोपी नाबालिग अकेला आया। इसके बाद मृतक का पुत्र पोमेंद्र नेताम सब्जी लेने के लिए ग्राम कोमा जा रहा था, तब ग्राम आमनारा के पास पहुंचने पर ग्राम आमानारा का निवासी सदाराम ठाकुर रास्ते में मिला।
उसने पोमेंद्र को बताया कि तुम्हारे पिता पुरूषोत्तम नेताम बिजरा खारजंगल में बेहोश पड़ा है। सुनते ही पोमेंद्र अपनी पत्नी के भाई योगेश खडिय़ा के साथ जाकर जंगल में अपने पिता को तलाशने लगा, लेकिन उसके पिता बताये गये स्थान पर नहीं मिला। पोमेंद्र वापस सदाराम ठाकुर के पास आया और सदाराम को लेकर जंगल गया। वहां पुरुषोत्तम नेताम सेनहा पेड़ के नीचे घायल अवस्था में पड़ा मिला।
पोमेंद्र नेताम ने अपने पिता से पूछा कि ऐसी हालत किसने की है? तब पुरूषोत्तम नेताम ने बताया कि गांव के एक नाबालिग ने हत्या की कोशिश की है। पुलिस टीम ने उक्त सूचना को गंभीरता से लेते हुये आरोपी नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर विधिवत पूछताछ की।
इस दौरान आरोपी ने बताया कि पुरुषोत्त्म ने शराब पिलाने की बात कही थी, परन्तु बाद में मना कर दिया। शराब नहीं मिलने से क्षुब्ध होकर और आपस में झगड़ा किया। बाद में बिजरा खार जंगल में ले जाकर पेड़ के कोटर से तोता निकलने की बात पर से दोनों के बीच फि र से विवाद हुआ। इसी दौरान नाबालिग ने झगड़ते हुए पास में रखे सेनहा पेड़ की लकड़ी तोड़ी और मृतक पुरुषोत्तम नेताम पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। इससे पुरुषोत्तम के मृतक के सिर, छाती तथा शरीर के अन्य हिस्सों में संघातिक चोट पहुंचाया। इस पर पुरुषोत्तम नेताम बेहोश हो गया। बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। संघातिक चोटों की वजह से पुरुषोत्तम नेताम की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव, अनुविभागीय अधिकारी महासमुंद मंजूलता बाज के निर्देशन में सायबर सेल महासमुंद उप निरीक्षक नसीम उद्दीन खान, थाना प्रभारी खल्लारी उनि उमाकान्त तिवारी, सउनि प्रकाश नंद, प्रवीण शुक्ला, प्रआर मिनेश ध्रुव, मुकेश पटनायक, सतीश पाण्डेय, आर. संतोष सावरा, भोज दीवान, गोविन्द बेहरा, कुलेश्वर साहू, शशि साह,ू चालक तीरथ देशमुख के द्वारा की गई।