झांय झिपिंग में उमड़ पड़े नगरवासी, हुए लोटपोट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 मार्च। जिला मुख्यालय स्थित टाउनहाल में कोविड के तीन साल बाद एक बार फिर से होली मिलन समारोह झांय झिपिंग का आयोजन हुआ। दर्शकों से खचाखच भरे इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोग शामिल हुए और हास्य व्यंग्य का आनंद लिया।
इस दौरान सांसद चुन्नी लाल की चेप्टी, विमल की दाऊलाल मोर आदमी हरय, राशि महिलांग की कौन त्रिभुवन, दाऊलाल जी की का करंव मोर तो घरो गै अउ बाहिरो गै ने श्रोताओं को लोटपोट कर दिया। हास्य व्यंग्य के पूरे दौर में महासमुंद विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर और भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी की अनुपस्थिति पर भी व्यंग बाण चलाए गए। कार्यक्रम के शुरू से आखिर तक यही चर्चा रही कि तीनों की अलग से झांय झिपिंग कार्यक्रम चालू है।
कार्यक्रम में उपस्थित सांसद चुन्नी लाल साहू, पूर्व विधायक डाक्टर विमल चोपड़ा, नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग, पूर्व नपाध्यक्ष पवन पटेल, विधायक प्रतिनिधि दाऊलाल चंद्राकर, कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर और एसपी धर्मेंद्र सिंह ने होलियाना अंदाज में दर्शकों को खूब गुदगुदाया। हास्य कवियों आलोक शर्मा, मनोज शुक्ला, गुणी राम वर्मा और तीन बौने कलाकारों नेहरू, आशाराम, नारायण ने भी मंच में गजब का समां बांधा।
मालूम हो कि कोविड काल में लगातार तीन सालों तक महासमुंद में यह कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सका था। अत: कल महासमुंद मुख्यालय में रहने वाले लोगों ने रंग पर्व होली की शाम आयोजित इस कार्यक्रम में भारी तादाद में हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में गधा पूजा के बाद जैसे ही संचालक संजय शर्मा ने उपस्थित जनों से कहा कि सभी अपने अपने स्थान पर खड़े हो जाएं और मोबाइल वगैरह साइलेंट कर लें, सभी ने तत्काल खड़े होकर मोबाइल साइलेंट किया और सावधान की मुद्रा में खड़े हुए। तभी झांय झिपिंग की घोषित गीत तूने मारी एंट्रियां रे दिल में बजी घंटियां गाने बजी। उपस्थित लोगों ने इस पर पहला ठहाका लगाया।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे पूर्व पार्षद संजय शर्मा ने सर्वप्रथम तीन बौने कलाकारों नेहरू, नारायण और आशाराम को मंच पर बुलाकर डांस के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद मंच में कलेक्टर क्षीरसागर को आमंत्रित किया गया। बाद में अतिथि एक के बाद एक मंच पर आसीन होते रहे। अतिथियों के स्वागत में प्रेरणा महिला मंच अध्यक्ष राजश्री ठाकुर, शिक्षिका सरिता तिवारी, मधु शर्मा, तारा चंद्राकर, तारिणी चंद्राकर और प्रेस क्लब अध्यक्ष उत्तरा विदानी ने गधे की तस्वीर बनी मुकुट, माला पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया। पवन पटेल ने तो पूरी घाघरा चुनरी पहन ली और आखिर तक वे इसी वेशभूषा में रहे।
हास-परिहास के इस कार्यक्रम में अतिथियों की वेशभूषा देखकर लोग ठहाके लगाते रहे। मुख्य अतिथि सांसद चुन्नी लाल साहू अपने चर्चित शैली में ही नजर आए। उन्होंने बड़े ही सहजता से होलियाना अंदाज में अपनी बातों से लोगों को हंसाया। इस तरह झांय-झिपिंग होली मिलन समारोह इस बार भी पूरे उत्साह से आहुत हुआ। समारोह में हास्य व्यंग्य की बौछार से ठहाकों की गूंज सभागार व सभागार के बाहर तक लगातार गूंजती रहीं। लोगों ने इस गुदगुदाने वाले आयोजन का भरपूर आनंद उठाया।
कल होली की शाम 6 बजे से टाउन हाल बनाम डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी सभागार में झांय-झिपिंग कार्यक्रम में कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही सभी सीटें खचाखच भर चुकी थी। लोग खड़े रहकर भी कार्यक्रम देखने में रमे रहे। बताना जरूरी है कि डा. विमल चोपड़ा झांय झिपिंग कार्यक्रम के परमानेंट और एकमात्र गधे हैं, जो आमंत्रण पर आसानी से कार्यक्रम में आने के लिए अपनी सहमति दे देते हैं। कल भी डा. विमल चोपड़ा अपने पुराने अंदाज में मंच पर पहुंचे और लगातार उत्तर प्रतिउत्तर देकर लोगों को हंसाते रहे। जबकि वरिष्ठ कांग्रेसी दाऊलाल चंद्राकर कल सुनहरे रंग की टी-शर्ट पहनकर पहुंचे थे।
इस दौरान डॉ. चोपड़ा ने कहा कि कांग्रेस नेता दाऊलाल की वजह से ही उनकी विधानसभा में जीत हुई थी। क्योंकि दाऊलाल जिधर भी रहते हैं, उनका नेता हारता ही है। दाऊलाल चंद्राकर ने इस बार खुद का जीवन परिचय कराया और अपनी शादी की हकीकत बयां कर गये। हास्य जीवन परिचय के बीच उन्होंने कई लोगों पर निशाना साधा। जिससे लोग अपनी हंसी रोक नहीं पाए। नगरपालिका अध्यक्ष राशि महिलांग ने इस हास्य मंच के बहाने मंचस्थ सभी अतिथियों पर हास्य व्यंग के बाण छोड़े।