मृतकों में 3 एक ही परिवार के, धुएं से दम घुटने का संदेह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद /पिथौरा,15 मार्च। जिला मुख्यालय से दूर स्थित गांव गढफ़ुलझर में ईंट भट्ठे में ईंटों को पकाने के लिए आग लगाकर बीती रात भट्ठे के ऊपर ही 6 मजदूर सो गए। इनमें 5 की मौत हो गई है, वहीं आज सुबह एक मजदूर को बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के बाद गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर भेजा गया है।
बताया जाता है कि काम बंद होने के बाद सभी मजदूरकाम थकान मिटाने शराब पीकर भट्ठे के ऊपर लेट गए थे। ग्रामीणों और पुलिस को आशंका है कि ईंट भट्ठे से निकलने वाली धुएं से सभी का दम घुट गया होगा। मृतकों में तीन लोग एक ही परिवार के हैं।
सभी शवों को आज सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। समाचार लिखते वक्त सुबह के साढ़े 12 बजे हैं और सभी 5 शवों का पोस्टमार्टम जारी है। डॉक्टरों तथा बसना पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। गांव में मातम के बीच शवों के अंतिम संस्कार की तैयारी जारी है।
जानकारी मिली है कि सभी शवों के लिए एक ही शमशान घाट में अलग-अलग चिताओं की तैयारी की जा रही है। बसना थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर तथा ग्रामीणों के अनुसार घायल एक मजदूर मनोहर पिता गंगाराम बीसी उम्र 30 साल की हालत नाजुक होने के कारण उसे बसना से रायपुर अस्पताल भेज दिया गया है।
ग्रामीण बताते हैं कि गांव गढफ़ुलझर में कुंज बिहारी पांड़े का ईंट का भट्ठा है। कुंज बिहारी पांड़े माटीकला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष चंदशेखर पांड़े के छोटे भाई हैं। उन्होंने श्रमिकों से ईंट बनवाकर उसे पकाने के लिए ठेका पर दिए था। जहां 6 मजदूर गंगा राम बीसी (55), दशरथ बीसी (30), सोना चंद भोई (40), वरुण बरिहा (24), जनक राम बरिहा (35) और मनोहर बीसी (30) काम कर रहे थे।
रात 12 बजे तक ईंट भट्ठा में काम चल रहा था। काम बंद होने के बाद सभी मजदूर काम थकान मिटाने शराब पीकर भट्ठे के ऊपर लेट गए थे।
ग्रामीणों और पुलिस को आशंका है कि ईंट भट्ठे से निकलने वाली धुएं से सभी का दम घुट गया होगा। मृतकों में तीन लोग एक ही परिवार के पिता और दो पुत्र शामिल हैं। घटना रात 12 से 4 बजे के बीच की है, लेकिन इसकी जानकारी गांव के लोगों को सुबह 5 बजे मिली।
इस वक्त एक ग्रामीण ने भट्ठे से धुआं उठते देखा और भट्ठे के ऊपर सो रहे लोगों को जोर-जोर की आवाज लगाई। उसकी आवाज का कोई जवाब नहीं आया तो उसने गांव के लोगों को इसकी सूचना दी। फिर तत्काल पुलिस को भी इसकी खबर दी गई।
सूचना मिलते ही बसना टीआई कुमारी चंद्राकर अपनी टीम को लेकर मौके पर पहुंची। उन्होंने छह मजदूरों को अस्पताल रवाना किया। जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक को गंभीर हालत में बसना अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर श्रमिक को रायपुर अस्पताल भेज दिया गया है।
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
गढफ़ुलझर में 6 मजदूरों में से 5 की मौत के बाद जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने पूरी घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने मृतकों और घायल श्रमिकों के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता के निर्देश भी एसडीएम को दिए हैं।
सीएम ने जताया दुख
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी ईंट भट्ठे में 5 मजदूरों की मृत्यु पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने और गंभीर रूप से बीमार एक श्रमिक को बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
ज्ञात हो कि 12-13 फरवरी की दरमियानी रात सरगुजा संभाग के बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के ग्राम पंचायत कोटपाली के आश्रित ग्राम खजूरी में इसी प्रकार का हादसा हुआ था। यहां छोटे ईंट भट्ठे में आग लगाकर उसी के ऊपर सो रहे तीन लोगों की मौत हो गई थी। यहां सभी ने कंबल ओढ़ रखा था, अत्यधिक गर्मी और धुएं के कारण मौत की आशंका जताई गई थी।