3 माह मेें मात्र 12 हजार पर ई-चालान, 40 ने ही जुर्माना पटाया
95 फीसदी लोग बेखौफ होकर बगैर हेलमेट सफर पर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,30 जून। महासमुंद शहर में पिछले तीन महीने से ई-चालान कार्रवाई जारी है। दुपहिया वाहनों में बगैर हेलमेट चल रहे चालकों पर सीसी कैमरे के जरिए कार्रवाई भी की जा रही है लेकिन यह न के बराबर है। क्योंकि बीते तीन महीनों में महज 12 हजार दुपहिया चालकों के ई.चालान काटे गए हैं। जबकि इस रास्ते एक दिन में हजारों लोग दुपहिया सवार बगैर हेलमेट चल रहे हैं। अब तक भेजे गए कुल चालानों में से मुश्किल से 40 चालकों ने ही जुर्माना जमा किया है।
गौरतलब है कि यातायात नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए महासमुंद जिला मुख्यालय के बरोंडा चौक, अंबेडकर चौक, कांग्रेस चौक, एकता चौक, सिटी कोतवाली और फव्वारा चौक सहित 32 संवेदनशील स्थानों पर अत्याधुनिक सीसीटीवी और एआई कैमरे लगाए गए हैं। मार्च महीने से ई-चालान शुरू हुआ है और यह अब तक लोगों पर नजर बनाए हुए हैं। तीन महीने बीत जाने के बाद भी लोग यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। केवल जून महीने में 7 जून तक करीब 22.52 लाख का चालान काटा जा चुका है। इसके बाद भी केवल 5 प्रतिशत लोग ही हेलमेट लगाने सहित अन्य ट्रैफिक नियमों का पालन कर रहे हैं। बाकी 95 प्रतिशत पर यह बेअसर साबित हुआ है।
इन कैमरों की मदद से पिछले एक सप्ताह में ही बिना हेलमेट दुपहिया चलाने वाले 1078 चालकों का ई-चालान काटा गया है। इसके बावजूद शहर की सडक़ों पर चलने वाले 95 प्रतिशत से अधिक दुपहिया वाहन चालक अब भी बिना हेलमेट घूम रहे हैं। सख्ती के बाद भी लोगों में नियमों के प्रति खौफ नहीं दिख रहा है। इतना ही नहीं, ई.चालान कटने के बाद भी लगभग 60 प्रतिशत चालकों ने अब तक समन शुल्क जुर्माने की राशि जमा करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है।
यातायात पुलिस के मुताबिक ओवर स्पीडिंग और प्रेशर हार्न सहित अन्य चालान के अलावा अन्य नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई है। इसमें ओवरस्पीडिंग 7 वाहन से 7 हजार, बिना सीट बेल्ट 15 चालक से 7,500, नो.पार्किंग उल्लंघन 25 वाहन से 12,500, प्रेशर हॉर्न 2 वाहन से 2 हजार तथा मॉडिफाइड साइलेंसर से 5 हजार रुपए का जुर्माना शामिल है।
यातायात पुलिस डीएसपी मनेंद्र ध्रुव कहते हैं कि पिछले तीन महीनों में जिन 12 हजार दुपहिया वाहन चालकों को ई.चालान भेजे गए हैं। उनमें से 40 फीसदी चालकों ने ही जुर्माना जमा किया है। डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज पेंडिंग चालान आने वाले समय में वाहन मालिकों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकते हैं। पेंडिंग चालानों पर कोर्ट या परिवहन विभाग के जरिए सख्त रुख नहीं अपनाया गया।
उन्होंने बताया कि जिले में पिछले पांच माह के भीतर ही करीब 224 सडक़ दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें 132 लोगों की असमय मौत हुई है। इनमें से अधिकांश मौतें राष्ट्रीय राजमागों और ग्रामीण संपर्क मागों पर हुई हैं। यहां तेज रफ्तार वाहनों और लंबी दूरी के ट्रैफिक पर प्रभावी निगरानी का पूरी तरह अभाव है।)
यातायात विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले सप्ताह सडक़ सुरक्षा पर ड्यूटी कर रहे जवानों ने 1078 बिना हेलमेट दुपहिया चालकों का चालान कर 5.39 लाख रुपए का समन शुल्क वसूला गया। 7 से 13 जून के बीच 2186 बिना हेलमेट चालकों पर कार्रवाई कर 10.93 लाख रुपये का जुर्माना तय हुआ। 14 से 20 जून के बीच 1204 चालकों से 6.20 लाख रुपए का समन शुल्क वसूला गया।