महासमुन्द
महासमुंद, 29 जून। कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रदेश के सीमावर्ती ग्राम डीहीटेमरी में आयोजित भीमसेनी एकादशी मेले के दौरान एक 17 वर्षीय नाबालिग पर अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दी। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल ओडिशा के नुआपाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोमाखान थाना पुलिस के अनुसार ओडि़शा के नुआपाड़ा जिले के ग्राम परसाभदर निवासी रिखीराम राउत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका 17 वर्षीय पुत्र आकाश यादव 25 जून की शाम अपने दोस्तों विष्णु केंवट, उमेन्द्र साहू, परमेश्वर यादवस मोरध्वज राउत और देवराज साहू के साथ मोटर साइकिल से ग्राम डीहीटेमरी में आयोजित भीमसेनी एकादशी मेला देखने गया था। रात करीब एक बजे आकाश के दोस्त विष्णु केंवट ने फोन कर सूचना दी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने आकाश के पेट में चाकू मार दिया है। सूचना मिलते ही रिखीराम राउत मौके पर पहुंचा तो देखा कि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल अवस्था में सडक़ किनारे पड़ा है। इसके बाद परिजन और दोस्तों ने तत्काल उसे वाहन से नुआपाड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। पीडि़त के पिता की शिकायत पर कोमाखान पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।