महासमुन्द

मिनीगोल्फ में अभूतपूर्व योगदान पर हेमंत खुटे सम्मानित
29-Jun-2026 4:29 PM
मिनीगोल्फ में अभूतपूर्व योगदान पर हेमंत खुटे सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 29 जून। रायपुर के दावड़ा यूनिवर्सिटी में आयोजित 11वीं मिनीगोल्फ नेशनल चैंपियनशिप के पदक वितरण समारोह के अवसर पर पिथौरा के हेमंत खुटे को सम्मानित किया गया। खेल क्षेत्र में उनके सांगठनिक और प्रशासनिक योगदान के लिए भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इस समारोह के दौरान एशियन मिनीगोल्फ फेडरेशन के सचिव व मिनीगोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव सूरजसिंह योतिकार, रेफरी बोर्ड मिनीगोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन श्रीराम धर्माधिकारी तथा मिनीगोल्फ एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष एस. के. साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि हेमंत खुटे वर्तमान में इस राष्ट्रीय आयोजन की समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इससे पूर्व भी वे छत्तीसगढ़ प्रदेश टीम के मैनेजर के रूप में झुंझुनू (राजस्थान), नागपुर (महाराष्ट्र) और गोवा में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में टीम का नेतृत्व कर चुके हैं। उनके प्रबंधकीय कार्यकाल के दौरान राज्य के खिलाडिय़ों ने विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अर्जित कर प्रदेश का प्रतिनिधित्व सुदृढ़ किया था।


अन्य पोस्ट