महासमुन्द
कांग्रेस नेता ने पूर्व सीएम को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 30 जून। कांग्रेस नेता अंकित बागबाहरा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर छत्तीसगढ़ की कमार, भुंजिया सहित अन्य विशेष पिछड़ी जनजातियों की सीधी भर्ती और नियुक्तियों में हो रहे विलंब को लेकर वर्तमान सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने कमार और भुंजिया समाज के प्रतिनिधियों के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है।
अंकित बागबाहरा ने बताया कि छत्तीसगढ़ जनजाति सलाहकार परिषद की 27 अगस्त 2019 को हुई बैठक में विशेष पिछड़ी जनजाति समूह के पात्र निवासियों को सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्तियां देने का निर्णय लिया गया था।
इसके तहत जिलाधीशों से प्राप्त सूची के आधार पर पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में लगभग 2 हजार से अधिक नियुक्तियां की गई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से इन नियुक्तियों की प्रक्रिया पर रोक लग गई है।
विज्ञप्ति के अनुसार, महासमुंद जिले के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए लगभग 212 पद रिक्त हैं और समाज के लगभग 165 शिक्षित अभ्यर्थी तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती के लिए शेष हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पूर्व में जारी आदेशों के विपरीत अब इन नियुक्तियों के लिए वित्त विभाग के सचिव से अनुमति मांगी जा रही है, जो प्रक्रिया को टालने का प्रयास है। उन्होंने इन जनजातियों के आबादी और वन पट्टा आवंटन में भी उपेक्षा किए जाने का दावा करते हुए महासमुंद जिले में पुन: सर्वेक्षण कराने की मांग की है।
कमार समाज के जिलाध्यक्ष मोती कमार और भुंजिया समाज के जिलाध्यक्ष कौशल नेताम के नेतृत्व में 6 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मिलकर इस विषय पर विस्तार से चर्चा की।
अंकित बागबाहरा के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री ने इस मामले में उच्च अधिकारियों से चर्चा कर समुचित पहल करने का आश्वासन दिया है।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में जोहन नेताम, आरिफ खान, संतकुमार कमार, गोवर्धन कमार और तेजराम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।